दीपावली से पहले शहर का यातायात सुधारने सडक़ पर उतरे कलेक्टर-एसपी -सडक़ किनारे अतिक्रमण हटेगा, गलत पार्किंग वालों पर भी होगी कार्रवाई
रतल। आगामी त्यौहारों के दौरान शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार ने रविवार शाम को शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने नाहरपुरा, डालू मोदी बाजार, घांस बाजार, चोमुखीपुल, चांदनी चौक, नोलाईपुरा, गणेश देवरी, धान मंडी, सैलाना बस स्टैंड, फव्वारा चौक जैसे क्षेत्रों में जाकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त और डीएसपी ट्रैफिक को दुकानों के बाहर से अस्थाई अतिक्रमण तत्काल हटाने और मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय भीड़ बढऩे के कारण किसी भी स्थिति में अव्यवस्था या जाम नहीं होना चाहिए।
दोनों अधिकारियों ने दुकानदारों से चर्चा कर उन्हें भी अतिक्रमण नहीं करने और वाहन पार्किंग लाइन के अंदर ही लगाने की समझाइश दी। यातायात पुलिस को गलत पार्किंग वाले वाहनों के चालान बनाने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
