अवैध ढाबे वालों की दीवाली बिगाड़ी... -आज सुबह होने से पहले ही चल गया कई ढाबों पर बुलडोजर, नामली क्षेत्र में हुई धमाकेदार कार्रवाई
रतलाम। फोरलेन किनारे और ८ लेन के आसपास हाल ही के समय में बने ढाबों पर अवैध गतिविधियां होने की शिकायत पुलिस और प्रशासन को लगातार मिल रही थी तो वहीं इससे अपराध बढऩे की आशंका भी मजबूत हो रही थी। ऐसे में आज पुलिस और प्रशासन ने यहां बुलडोजर एक्शन किया और दीपावली से पहले ढमाकेदार कार्रवाई करते हुए अवैध ढाबे चलाने वालो की दीपावली बिगाड़ दी। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में अपराधों के खिलाफ पुलिस का यह सफाई अभियान जारी रहेगा।
जिले में कानून व्यवस्था को लेकर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी है। रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश पर सोमवार सुबह पुलिस ने सूरज उगने से पहले ही अवैध ढाबों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो निर्माणों को धराशायी कर दिया। यह कार्रवाई नामली क्षेत्र में चल रहे अवैध ढाबों और संदिग्ध गतिविधियों के ठिकानों पर की गई।

एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में सोमवार तडक़े हुई कार्रवाई को अवैध ढाबों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कहा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम सुबह उजाला होने के पूर्व ही ढाबों पर पहुंच गई थी। जेसीबी के पंजे ने ढाबों को तोडऩा शुरू किया और उजाला होने के पहले ही काम खत्म कर दिया
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,अवैध ढाबों में अवैध शराबखोरी,मादक पदार्थ और अन्य आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि के बाद पुलिस ने अचानक अभियान चलाया ताकि किसी को तैयारी का मौका न मिले।
एसपी अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

-जावरा क्षेत्र में भी फिर खड़े होने लगे है ढाबे, इन पर भी पुलिस की नजर
पिछले साल जावरा क्षेत्र में फोरलेन किनारे बने अवैध ढाबों पर बुलडोजर चले थे और कई ढाबे अवैध गतिविधियों की शंका में तोड़े गए थे, लेकिन हाल ही के समय में धीरे धीरे फिर ढाबे बनने लगे है और इन पर भी अवैध गतिविधियां होने की सूचनाएं पुलिस को मिलने लगी है। ऐसे में अब इन ढाबों पर भी आने वाले समय में बुलडोजर चल सकता है।
