बाल संप्रेषण गृह में मचा हड़कंप! सात बाल अपचारी फरार होमगार्ड जवान से मारपीट कर भागे, पुलिस ने 6 को दबोचा; एक अब भी फरार

बाल संप्रेषण गृह में मचा हड़कंप! सात बाल अपचारी फरार होमगार्ड जवान से मारपीट कर भागे, पुलिस ने 6 को दबोचा; एक अब भी फरार

रतलाम। शहर के बिरियाखेड़ी स्थित बाल संप्रेषण गृह में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां निरुद्ध सात बाल अपचारी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान के साथ मारपीट भी की, जिससे जवान घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी और डीएसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने बाल संप्रेषण गृह पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय की गईं।
कुछ ही देर में 6 पकड़ाए, एक की तलाश जारी
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार हुए सात में से छह बाल अपचारियों को पकड़ लिया, जबकि एक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फरार बाल अपचारी की तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
जमानत नहीं मिलने से नाराज थे!
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फरार हुए बाल अपचारियों में कुछ गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध थे। सूत्रों के अनुसार, लगातार जमानत निरस्त होने से कुछ बाल अपचारी नाराज चल रहे थे। इसी नाराजगी के बीच उन्होंने भागने की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
भागने के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाल अपचारियों ने उसके साथ मारपीट कर दी और वहां से भाग निकले। घायल जवान का उपचार कराया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
सात बाल अपचारियों के एक साथ फरार होने की घटना ने बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार सुरक्षा के बीच सातों बाल अपचारी बाहर निकलने में कैसे कामयाब हुए? क्या सुरक्षा में कोई बड़ी चूक हुई या फिर फरारी की पहले से योजना बनाई गई थी? पुलिस अब इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों द्वारा बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की भूमिका और फरारी से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस की नजर अब उस एक बाल अपचारी पर है, जो अभी भी फरार बताया जा रहा है