जावरा मंडी में आई मटर, प्रथम किसान देवीलाल शर्मा का सम्मान
जावरा। खाचरौद नाका स्थित मंडी में बुधवार से नई मटर फली की आवक का शुभारंभ हुआ। पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना कर नए सीजन की मटर की नीलामी प्रारंभ की गई। प्रथम किसान देवीलाल शर्मा (लालाखेड़ा) द्वारा लाई गई मटर को फर्म हैदर भाई-मुन्ना भाई ने 47.52 रुपये प्रति किलो के भाव में खरीदा।
मंडी प्रबंधन किसान नेताओं की ओर से प्रथम किसान का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष रामनिवास धाकड़, रमेश धाकड़, बंकट धाकड़ उपलई, मंडी निरीक्षक पारगी, लोकेन्द्रसिंह, नटवरसिंह, सहित मंडी कर्मचारी उपस्थित रहे। नई मटर फली की शुरुआत के साथ मंडी में रौनक बढ़ गई और किसानों में नए सीजन को लेकर उत्साह देखा गया।
-आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं किसान
रतलाम मंडी प्रशासन ने सोयाबीन विक्रय करने वाले सभी किसानों से आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लेकर आने की अपील की है। मंडी सचिव लक्ष्मी भंवर ने बताया कि सोयाबीन पंजीयन की फोटोकापी, पंजीकृत किसान के आधार कार्ड की फोटोकापी, पंजीयन में पंजीकृत बैंक खाते की पासबुक की फोटोकापी साथ में लाना जरूरी है। किसान बंधु उपरोक्त दस्तावेजों की एक-एक फोटोकापी का सेट मंडी प्रवेश द्वार पर जमा कर प्रवेश पर्ची प्राप्त करने के बाद ही मंडी प्रांगण में प्रवेश करें।
