उत्कर्ष-2026: योगिंद्र सागर कालेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला करियर और व्यक्तित्व विकास का मार्गदर्शन

उत्कर्ष-2026: योगिंद्र सागर कालेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला करियर और व्यक्तित्व विकास का मार्गदर्शन

रतलाम। श्री योगीन्द्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, रतलाम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘उत्कर्ष-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक बाबूजी गोपाल प्रसाद शर्मा (टंच) एवं विशेष अतिथि मुकेश गुप्ता, आईटी ऑफिसर, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जावरा ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में बीटेक, बीबीए, एमबीए, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी सीड टेक्नोलॉजी तथा बीए एलएलबी ऑनर्स के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विशेष अतिथि मुकेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर के विभिन्न अवसरों और भविष्य की चुनौतियों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच रखने तथा निरंतर मेहनत के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई, कर्तव्यों, अकादमिक सत्र एवं करियर के प्रति निष्ठा और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।

संस्थान के संस्थापक बाबूजी गोपाल प्रसाद शर्मा (टंच) ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अपने अनुभव साझा किए और कॉलेज जीवन में सफलता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। सहसंचालक वरदान शर्मा ने कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, ज्ञान अर्जन और करियर की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ अनुशासन, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों को विकसित करने पर जोर दिया।

सहसंचालक उमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न पाठ्यक्रमों, उपलब्ध सुविधाओं तथा रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी। वहीं संस्था के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक एवं क्षेत्रीय अनुभव साझा करते हुए बदलते समय के अनुरूप करियर के नए अवसरों को पहचानने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जेन-जी, जेन-अल्फा और मिलेनियल्स की विशेषताओं तथा बदलते करियर ट्रेंड पर भी विद्यार्थियों से चर्चा की।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. अंशिता शर्मा, प्रो. मनीषा राठौर एवं प्रो. टीना हसले ने किया। अंत में डीन एकेडमिक प्रो. गोविन्द झंवर ने अतिथियों, शिक्षकों, अनुशासन समिति एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री भी प्रदान की, जो पूरे शैक्षणिक वर्ष में उनके लिए उपयोगी रहेगी।