सर्राफा व्यापारी द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर सुसाइड… शहर के बाहर स्थित एक होटल के रूम में मिले मृत, पुलिस जांच में जुटी

रतलाम। शहर के बड़े सर्राफा व्यापारी रवि मोठिया ने मंगलवार रात धामनोद स्थित एक होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सैलाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में कमरे से जहरीले पदार्थ के कई पाउच मिले हैं। पुलिस के अनुसार मौके से हाथ से लिखा एक कागज भी मिला है, जो उल्टी से खराब हो गया है। पुलिस ने उसे जब्त कर जांच में लिया है।

परिजनों के अनुसार रवि मंगलवार शाम घर से निकले थे और रात तक वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान धामनोद स्थित होटल के बाहर उनका वाहन मिला। होटल में जानकारी लेने पर पता चला कि उन्होंने कमरा लिया था। कमरा अंदर से बंद था, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया।

सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश और एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही रतलाम से बड़ी संख्या में व्यापारी, परिचित और परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बेटियां हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।