ट्रैफिक राकेट ने फाइनल में मालवा चैंपियन को 13 रन से हराया, फाइनल में लगातार दूसरी बार बना चैंपियन

रतलाम : रेलवे खेल मैदान पर रविवार देर रात दूधिया रोशनी में खेले गए आरपीएल सीजन-2 के फाइनल मुकाबले में ट्रैफिक राकेट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मालवा चैंपियन को 13 रन से पराजित कर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अंतिम गेंद तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
टास जीतकर मालवा चैंपियन ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रैफिक राकेट ने निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालवा चैंपियन की शुरुआत खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 10 ओवर भी नहीं खेल सकी और 72 रन पर सिमट गई। इस तरह ट्रैफिक राकेट ने 13 रन से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार आरपीएल ट्राफी पर कब्जा जमाया।
पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ के मंडल मंत्री अभिलाष नागर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला वालीबाल संघ अध्यक्ष मुबारिक आर. खान, प्रतापगिरी, नूमान शेरानी व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश व्यास उपस्थित रहे। आयोजन समिति के संयोजक वीपी चौधरी ने बताया कि विजेता ट्रैफिक राकेट को 71 हजार रुपये, ट्राफी तथा उपविजेता मालवा चैंपियन को 51 हजार रुपये, ट्राफी भेंट की गई। फाइनल के बेस्ट बैट्समैन ट्रैफिक राकेट के अनीस अब्बासी, बेस्ट बालर मालवा चैंपियन के अभिषेक पांडे तथा मैन आफ द सीरीज राजस्थान वायर्स के मानव रहे।
इससे पहले रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाडय़िों से परिचय प्राप्त किया। जीत के बाद ट्रैफिक राकेट के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण जश्न के साथ खुशी व्यक्त की।