महाराणा प्रताप जन्मोत्सव पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, महाराणा प्रताप चौक पर माल्यार्पण व आतिशबाजी हुई

महाराणा  प्रताप जन्मोत्सव पर निकली भव्य शौर्य यात्रा, महाराणा प्रताप चौक पर माल्यार्पण व आतिशबाजी हुई
रतलाम। श्री राजपूत नवयुवक मंडल न्यास एवं महिला मंडल रतलाम के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय महाराणा प्रताप एवं वीर छत्रसाल बुंदेला जन्म जयंती महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप एवं वीर छत्रसाल बुंदेला की जयंती पर समस्त राजपूताना संगठनों के सहयोग से भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई।

सायं 5:30 बजे रणजीत विलास पैलेस, महलवाड़ा से प्रारंभ हुई शौर्य यात्रा में सबसे आगे 11 घुड़सवार हाथों में भगवा ध्वज लिए चल रहे थे, जबकि बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार युवा तिरंगा ध्वज लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहे थे। यात्रा का प्रमुख आकर्षण महाराणा प्रताप की चलित प्रतिमा एवं दुर्गा वाहिनी रही, जिसने नागरिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
शौर्य यात्रा महलवाड़ा से प्रारंभ होकर पैलेस रोड, डालू मोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चौमुखी पुल, नोलाईपुरा, गणेश देवरी, धान मंडी एवं शहीद चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ नगर निगम महापौर, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

डालू मोदी बाजार चौराहे पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, मयंक जाट, राकेश झालानी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षा कर शौर्य यात्रा का अभिनंदन किया।
महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित मुख्य समारोह में रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, नगर निगम अध्यक्षा श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती किरण गोयल, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की श्रीमती किरण तंवर, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की श्रीमती सीमा देवड़ा, जया गोयल सहित समाज की मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिकों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर श्री राजपूत नवयुवक मंडल न्यास के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गोयल एवं मंडल अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने माल्यार्पण किया।
इसके पश्चात आकर्षक आतिशबाजी के साथ महाराणा प्रताप एवं वीर छत्रसाल बुंदेला जन्म जयंती महोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया गया। आयोजन स्थल पर राजेंद्र सिंह सोनगरा परिवार द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का संचालन मंडल सचिव नरेंद्र सिंह सोलंकी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति के नरेंद्र सिंह चौहान ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, मातृशक्ति एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी श्री राजपूत नवयुवक मंडल न्यास द्वारा दी गई।