रतलाम में युवा मोर्चा की तिरंगा वाहन रैली में उमड़ा युवाओं का सैलाब, देशभक्ति के तरानों से गूंजा शहर, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष टेलर भी हुए शामिल

रतलाम में युवा मोर्चा की तिरंगा वाहन रैली में उमड़ा युवाओं का सैलाब, देशभक्ति के तरानों से गूंजा शहर,  मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष टेलर भी हुए शामिल

रतलाम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रतलाम में राष्ट्रभक्ति का जोश देखने को मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली आयोजित की। जिसमें युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर शामिल हुए। तिरंगा वाहन रैली को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के तरानों के साथ निकली रैली ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। रैली में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए और पूरे रास्ते भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।


रैली के समापन अवसर पर आयोजित भव्य मंचीय कार्यक्रम में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रतलाम जिले की पांचों विधानसभा के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता पहुंचे। तिरंगे से सजे वाहनों का काफिला शहर से गुजरा तो सड़क किनारे भी लोगों की भीड़ नजर आई। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में रैली में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि युवाओं की यह सहभागिता राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है।


भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने युवाओं से तिरंगे की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रैली के बाद तिरंगे का किसी भी प्रकार से अपमान न हो, इसका सभी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने युवाओं से 15 अगस्त को अपने घर पर तिरंगे को सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर फहराने का आह्वान किया।


मंच से गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
कार्यक्रम को महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित और संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बजरंग पुरोहित, शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कृष्णा डिंडोर एवं अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर, शुभम गुर्जर, सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कार्यक्रम का मंच संचालन सौरभ रंका ने किया।
तिरंगा वाहन रैली में उमड़ी युवाओं की भीड़, हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के गूंजते तरानों ने रतलाम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान युवाओं का उत्साह और भारत माता के जयकारे पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहे