शहर के लॉ कॉलेज में बाहरी व्यक्तियों ने घुसकर स्टूडेंट्स और शिक्षकों से की अभद्रता, छात्रों ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की, तहसीलदार को कानूनी धाराओं की जानकारी देकर सौंपा ज्ञापन

शहर के लॉ कॉलेज में बाहरी व्यक्तियों ने घुसकर स्टूडेंट्स और शिक्षकों से की अभद्रता, छात्रों ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की, तहसीलदार को कानूनी धाराओं की जानकारी देकर सौंपा ज्ञापन

रतलाम। शहर  के डॉ. कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय गत दिवस गणेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान बाहरी व्यक्तियों के जबरन  घुसने और छात्रों सहित  स्टाफ  से कथित अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया हैं। घटना को लेकर छात्रों ने कलेक्टर  और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान छात्रों ने तहसीलदार को क़ानूनी धाराओं की जानकारी भी दी, इसके साथ ही एक ज्ञापन एसपी के नाम एएसपी विवेक कुमार लाल को भी दिया गया। जिसको लेकर एएसपी ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में बताया कि 21 सितंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर में गणेशोत्सव के तहत छात्र-छात्राओं के लिए गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम महाविद्यालय के सभागृह में निर्धारित एवं व्यवस्थित स्थान पर चल रहा था।


इसी दौरान सुनील राठौड़, गन्नी शक्तावत, ऋषभ सुराणा सहित कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा महाविद्यालय परिसर के कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर कार्यक्रम की व्यवस्था में हस्तक्षेप करने और कार्यक्रम बंद करवाने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। 
इसके साथ ही आरोप लगाया कि इन लोगों के द्वारा पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। इससे विद्यार्थियों में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की बात कही गई है। इस घटना के बाद छात्रों के परिजन भी उन्हें कालेज नहीं भेज रहे हैं। 
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के अध्ययन और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित परिसर है। ऐसे में बाहरी व्यक्तियों द्वारा परिसर में प्रवेश कर छात्रों के साथ कथित अनुचित व्यवहार किया जाना गंभीर विषय है।

छात्रों के ज्ञापन में महाविद्यालय की प्राचार्य के साथ भी कथित तौर पर अभद्र एवं अनुचित व्यवहार किए जाने का उल्लेख किया गया है। छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ प्रचलित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।
साथ ही महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।