अवैध शराब ले जा रहे दो युवक स्टेशन से गिरफ्तार, 180 क्वार्टर जब्त, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
रतलाम। जीआरपी रतलाम और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए ट्रेन से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 180 क्वार्टर रॉयल क्लासिक व्हिस्की, कुल 32.400 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 5,940 रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गत दिवस जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने संदिग्ध रूप से बैठे दो युवकों की तलाशी ली।
तलाशी में दोनों के पास से 90-90 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों में चन्दन कुमार झा निवासी दमन दीव और प्रिंस कुमार निवासी बिहार शामिल है।
पूछताछ में बताया गया कि आरोपी शराब को सूरत (गुजरात) शहर में सप्लाई करने के उद्देश्य से लेकर जा रहे थे। पुलिस द्वारा वैध परमिट, लाइसेंस या अनुज्ञा-पत्र के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब और बैग को विधिवत जब्त किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जीआरप सोहनलाल पाटीदार, सउनि शिव सिंह, प्रआर अर्जुन सिंह, प्रआर मनीष कटारा, आरक्षक अंकित शेखावत और आरपीएफ के सउनि संतोष सिंह व स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
