खेत पर काम करने गए किसान की निर्मम हत्या, सुबह खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, ताल थाना क्षेत्र के कोठड़ी खारवा गांव की घटना, रातभर घर नहीं लौटा किसान; पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच

खेत पर काम करने गए किसान की निर्मम हत्या, सुबह खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, ताल थाना क्षेत्र के कोठड़ी खारवा गांव की घटना, रातभर घर नहीं लौटा किसान; पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच

रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत पर ट्रैक्टर से जुताई करने गए 35 वर्षीय किसान का शव शनिवार सुबह खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। किसान रातभर घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश करते रहे। सुबह खेत पर पहुंचे तो शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

आलोट/ताल। ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत खारवा कला चौकी के कोठड़ी गांव में किसान राजेंद्र सिंह दांगी (35) की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। राजेंद्र शुक्रवार को अपने खेत पर ट्रैक्टर से जुताई करने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

शनिवार सुबह परिजन खेत पर पहुंचे तो वहां राजेंद्र सिंह का शव पड़ा मिला। शव के आसपास खून फैला हुआ था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और अन्य संभावित विवादों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह दांगी निवासी कोठड़ी के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर और अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

गांव में हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।