रतलाम में छुट्टी पर आए फौजी से मारपीट, चार आरोपी हिरासत में, सत्तादल के नेता के रिश्तेदार होने की चर्चा!
रतलाम। शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईश्वर नगर में सोमवार देर रात एक फौजी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने जम्मू में पदस्थ भारतीय सेना के जवान के साथ जमकर मारपीट कर दी। हमले में आर्मी जवान की आंख, कान और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित जवान की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है । वही मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया हे। घटना के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि आरोपियों के सत्ताधारी दल के नेता से रिश्तेदार होने की चर्चाएं गर्म हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, धीरजशाह नगर निवासी जवान दिलीप हाड़ा 12 अगस्त को एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे वे मार्केट से घर लौट रहे थे। गली नंबर-4 में ईश्वर नगर निवासी आरोपी रोहित भूरिया ने उन्हें रोका और अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी ने बचाव कर फौजी को बचाया।

घटना के बाद जवान ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(A), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
आर्मी जवान से मारपीट करने वाले आरोपियों में रोहित पिता राजू भूरिया निवासी ईश्वर नगर, आमान खान, पिता अकबर खान निवासी ईश्वर नगर, प्रिंस पिता विजय सिसोदिया, निवासी राम रहीम नगर, गनी पिता जाकिर खान निवासी ईश्वर नगर है।
राजनीतिक संरक्षण की चर्चा
घटना के बाद से ही क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सत्तादल से जुड़े एक प्रभावशाली नेता के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस राजनीतिक संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही है।
