पानी के लिए सड़क पर उतरे लोग, खाली बर्तन लेकर किया चक्काजाम एक तरफ बूंद-बूंद को तरसे रहवासी, दूसरी ओर क्रिकेट ग्राउंड में फायर लॉरी से होता रहा पानी का छिड़काव

पानी के लिए सड़क पर उतरे लोग, खाली बर्तन लेकर किया चक्काजाम एक तरफ बूंद-बूंद को तरसे रहवासी, दूसरी ओर क्रिकेट ग्राउंड में फायर लॉरी से होता रहा पानी का छिड़काव

रतलाम के डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी में पानी की समस्या को लेकर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई दिनों से पानी नहीं मिलने से परेशान रहवासी खाली बर्तन लेकर शहर के प्रवेश मार्ग स्थित फोरलेन सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। महिलाओं ने नगर निगम और महापौर  प्रहलाद पटेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ओर पार्षद रामू डाबी मुर्दाबाद के नारे भी लगाये। वही दूसरी ओर रेलवे ग्राउंड नगर निगम के फायर लोरी से पानी का छिड़काव किया जा रहा था, इसे में सवाल ये उठता हे कि एक तरफ शहर में पानी की किल्लत हे तो दूसरी तरफ पानी बहाया जा रहा है।


रहवासियों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। नलों में समय पर पानी नहीं आता और टैंकरों से भी पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों ने आरोप लगाया कि मल्टी में बनी पानी की टंकी में नियमित रूप से पानी नहीं भरा जाता, जिससे अधिकांश घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता।
प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा उस समय और बढ़ गया जब कुछ दूरी पर स्थित रेलवे ग्राउंड में नगर निगम की फायर लॉरी से पानी का छिड़काव किया जाता दिखा। यहां आरपीएल-2 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारी चल रही थी। रहवासियों का कहना था कि पीने के पानी के लिए लोग परेशान हैं और नगर निगम क्रिकेट मैदान को पानी देने में जुटा हुआ है।


चक्काजाम की सूचना मिलने पर थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी गायत्री सोनी, नगर निगम के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और पानी के टैंकर भी बुलाए, लेकिन रहवासी स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि एक-दो टैंकर भेजने से समस्या खत्म नहीं होगी।
कुछ देर बाद तहसीलदार पिंकी साठे भी मौके पर पहुंचीं और लोगों से चर्चा की, लेकिन कोई ठोस हल नहीं निकल सका। महिलाओं ने आरोप लगाया कि वॉलमैन समय पर पानी नहीं छोड़ता और कई घरों तक पानी पहुंचता ही नहीं है।


करीब ढाई घंटे बाद नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि कई लोगों ने अब तक नल कनेक्शन की डायरी नहीं बनवाई है और बिजली बिल सहित अन्य बकाया राशि भी जमा नहीं की गई है। कमिश्नर ने सोमवार को कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और मौके पर ही नल कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
हालांकि रहवासी अधिकारियों के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और दोबारा सड़क पर बैठ गए। लोगों का कहना था कि वे पिछले तीन महीने से पानी की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं।


गौरतलब है कि डोसी गांव स्थित पीएम आवास मल्टी में करीब पांच साल पहले शहर की झुग्गी बस्तियों से लोगों को स्थानांतरित किया गया था। क्षेत्र में पानी की लाइन और टंकी का निर्माण तो किया गया, लेकिन आज भी रहवासियों को नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है।
शहर में भी पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। कई क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर आने वाला पानी भी दो-दो और तीन-तीन दिन तक नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।