UGC नियमों के विरोध में करणी सेना का भोपाल कूच नाकाम, महिपाल सिंह मकराना सहित 50 कार्यकर्ता जेल भेजे रतलाम से भोपाल तक बिना अनुमति पैदल यात्रा निकालने की थी तैयारी, राजपूत बोर्डिंग हाउस में जुटे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेराबंदी कर लिया हिरासत में
रतलाम। UGC नियमों के विरोध में रतलाम से भोपाल तक पैदल यात्रा निकालने की करणी सेना की तैयारी पर पुलिस ने रोक लगा दी। बुधवार सुबह से ही शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटने लगे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना की मौजूदगी में कार्यकर्ता भोपाल कूच करने की तैयारी में थे, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर घेराबंदी कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाइश दी, लेकिन वे यात्रा निकालने पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिपाल सिंह मकराना सहित करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और शास्त्री नगर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

हिरासत में लेने के बाद मकराना को सुरक्षा कारणों से सैलाना थाना ले जाया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। दिनभर चले घटनाक्रम के बाद शाम को सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को सर्किल जेल रतलाम भेज दिया गया।

एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि बिना अनुमति रैली निकालने पर प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं। समझाइश के बावजूद कार्यकर्ता नहीं माने, जिसके बाद करीब 40 से 50 लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान एसपी अमित कुमार सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों का बल तैनात रहा।
