रतलाम के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, हरियाणा में भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और 22 वर्षीय बेटे की मौत

रतलाम के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, हरियाणा में भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और 22 वर्षीय बेटे की मौत

रतलाम। शहर के इंद्रानगर निवासी एक परिवार पर शुक्रवार की सुबह ऐसा कहर बनकर टूटी कि देखते ही देखते पूरा परिवार उजड़ गया। हरियाणा के रोहतक जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में रतलाम के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में करमजीत (48), उनकी पत्नी पवनदीप कौर और 22 वर्षीय बेटे अमरेंद्र सिंह संधू शामिल हैं। हादसे की खबर रतलाम पहुंचते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। कार स्वयं करमजीत चला रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई।

नो पार्किंग जोन में खड़ा था ट्रक, पीछे से जा घुसी कार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर ट्रक चालक गुरमेल सिंह ने अपना ट्रक नो पार्किंग जोन में खड़ा कर रखा था। आरोप है कि ट्रक के पीछे कोई इंडिकेशन या चेतावनी संकेत भी नहीं लगाया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही करमजीत की कार सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई।

हाइड्रा मशीन की मदद से निकाली गई कार

हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई सुरेंद्र पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हाईवे पेट्रोलिंग टीम और हाइड्रा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

छोटा बेटा रतलाम में ही था, परिजन रोहतक रवाना

बताया जा रहा है कि परिवार का छोटा बेटा हादसे के समय रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। वहीं, करमजीत के माता-पिता को फिलहाल इस दुखद घटना की जानकारी नहीं दी गई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद रतलाम से अन्य परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं। तीनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक के अस्पताल में रखे गए हैं।

एक हादसे ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

इंद्रानगर में रहने वाले इस परिवार के साथ हुई हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से रिश्तेदारों और परिचितों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, हाईवे पर नो पार्किंग जोन में खड़े ट्रक और उसके पीछे चेतावनी संकेत नहीं होने के आरोपों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।