रतलाम में कांग्रेसियों ने निकाली चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अर्थी, पुतला दहन कर जताया विरोध, महू रोड फव्वारा चौक से कोर्ट चौराहे तक अर्थी निकाल, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए
रतलाम। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर देशभर में चल रहे आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने भी रतलाम में विरोध प्रदर्शन किया और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अर्थी निकाल पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महू रोड स्थित फव्वारा चौक से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अर्थी निकाली और इसे लेकर कोर्ट चौराहे तक पहुंचे। यहां से अर्थी को छत्रिपुल पर पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
पुतला दहन की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। मौके पर तीन थानों के टीआई, सीएसपी सहित पुलिस बल तैनात रहा। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर खड़ी की गई थी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी का छिड़काव कर पुतला बुझाने और पुतला दहन रोकने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस का दावा, रतलाम में भी 12 हजार से ज्यादा नाम काटे
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि रतलाम में भी एसआईआर के दौरान करीब 12 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम कटे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए प्रयासरत हैं।
वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, ताकि नियमानुसार उनके नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया के लिए प्रयास किया जा सके। 2027 की सूची में सभी के नाम जुड़वाने का प्रयास किया जाएगा
पुतला दहन के दौरान पारस सकलेचा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, nsui जिलाध्यक्ष निलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुंबई पैटर्न पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकी फायर ब्रिगेड
छत्रीपुल पर पुतला दहन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध का अलग तरीका अपनाया। मुंबई पैटर्न पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी के आगे खड़े होकर वाहन को रोक दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की और पुतला दहन रोकने के प्रयास का विरोध किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से नाम हटाने के मुद्दे पर चुनाव आयोग से जवाबदेही तय करने और मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई की मांग की।
