आबकारी विभाग के जिम्मेदारों को जहां पकड़नी थी ताड़ी, वहां सर्चिंग में मिले छाछ के नमूने! दबिश के अगले दिन उसी क्षेत्र में रावटी पुलिस ने 100 पेटी बीयर पकड़कर दिखा दिया आईना! कलेक्टर भी नाराज है आबकारी अमले के काम से, कई बार दे चुके कार्यवाही के निर्देश!
रतलाम। जिले में अवैध शराब के कारोबार को लेकर आबकारी विभाग की कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रावटी क्षेत्र में ताड़ी के नाम पर अवैध बिक्री का वीडियो वायरल हुआ तो आबकारी विभाग के जिम्मेदार तीन दिन बाद अधिकारी सचिन भास्कर के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। यहां विभाग को ताड़ी तो नहीं मिली, लेकिन खट्टी मीठी छाछ जरूर मिल गई। ओर अमला बिना किसी ठोस कार्रवाई या जांच के बगैर छाछ का नमूना ले आया। लेकिन इस कार्रवाई के अगले ही दिन रावटी पुलिस ने उसी क्षेत्र से 100 पेटी अवैध बीयर पकड़कर आबकारी विभाग को आइना दिखा दिया। रावटी पुलिस की इस कार्रवाई ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जिस क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार और परिवहन सामने आ रहा है, वहां आबकारी विभाग की निगरानी इतनी कमजोर क्यों हैं या फिर आबकारी अमला कोई कार्यवाही नहीं करना चाहता। वैसे भी आबकारी विभाग से जिले मुखिया भी नाराज है और कई बार बैठक में ओर सार्वजानिक जगह पर आबकारी अमले को लेकर नाराज़गी व्यक्त कर चुके हैं।

वीडियो में महिला खुद बता रही थी ताड़ी, अधिकारी को मिली छाछ!
गौरतलब है कि इससे पहले कुछ मीडिया संस्थान के स्टिंग ऑपरेशन में रावटी क्षेत्र में ताड़ी के नाम पर अवैध बिक्री का मामला सामने आया था। वायरल वीडियो में महिला खुद बिक्री की जा रही सामग्री को ताड़ी बताकर बेचती नजर आ रही थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया, लेकिन आबकारी विभाग की कार्रवाई का इंतजार बना रहा। करीब तीन दिन बाद अधिकारी सचिन भास्कर के साथ आबकारी टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से बताया गया कि तलाशी में ताड़ी नहीं, बल्कि छाछ मिली है। गौर करने वाली ये है कि जब वीडियो में महिला खुद सामग्री को ताड़ी बताकर बेच रही थी, तो विभाग ने वीडियो में दिखाई गई गतिविधियों की गहराई से जांच क्यों नहीं की? क्या केवल मौके पर छाछ मिल जाने से पूरे मामले की जांच पूरी मान ली गई? वीडियो में दिखाई गई बिक्री और मौके पर मिली सामग्री के बीच अंतर की पड़ताल आखिर किस स्तर पर हुई? वही इस पड़ताल से आबकारी के अधिकारी सचिन भास्कर के कार्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे है चूंकि जनाब के काम ही कुछ इस तरह है कि पहले तो ये कोई कार्यवाही नहीं करते ओर अपना क्षेत्र नहीं होने का बहाना बनाकर कारवाही से पल्ला झाड़ लेते हैं।

कार्रवाई के नाम पर रस्म अदायगी या नियमित निगरानी का अभाव?
सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर है। रावटी क्षेत्र में ताड़ी के नाम पर बिक्री का वीडियो सामने आया, जिसके बाद विभाग ने मौके पर पहुंचकर तलाशी की और छाछ मिलने की बात कही। लेकिन इसी क्षेत्र में अगले ही दिन पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध बीयर पकड़ ली। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में नियमित निगरानी करती है या फिर मामला सुर्खियों में आने के बाद ही कार्रवाई के लिए पहुंचती है? अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर नजर रखने के लिए विभाग का मुखबिर तंत्र कितना सक्रिय है?

रावटी पुलिस की 100 पेटी बीयर पकड़ने से खुली आबकारी की पोल
रावटी क्षेत्र में आबकारी विभाग जहां एक ताड़ी पर कार्यवाही नहीं कर पाया वही अगले दिन पुलिस ने 100 पेटी अवैध बीयर पकड़कर आबकारी विभाग की पोल खोलते हुए जिम्मेदारों को आइना दिखा दिया। गत 24 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम देवापाड़ा-चैनपुरा रोड पर घेराबंदी कर दो वाहनों को रोका। इनमें एक बोलेरो पिकअप और एक महिंद्रा एक्सयूवी शामिल थी। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से माउंटेन 6000 बीयर की 100 पेटियां, करीब 1200 बल्क लीटर बीयर बरामद हुई। पुलिस ने एक आरोपी महेश कटारा को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शराब और दोनों वाहनों सहित कुल 22 लाख 88 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है। थाना प्रभारी मनीष डावर के नेतृत्व में रावटी पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध शराब के परिवहन का बड़ा मामला सामने आया।
पुलिस की कार्रवाई ने आबकारी विभाग की निगरानी पर खड़े किए सवाल
एक ओर रावटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर दो वाहनों से 100 पेटी अवैध बीयर जब्त की और तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग की पिछली जांच को लेकर सवाल अब भी बने हुए हैं। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन का मामला सामने आया है। ऐसे में आबकारी विभाग को अपनी निगरानी व्यवस्था, मुखबिर तंत्र और अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। नशे के खिलाफ केवल अभियान चलाना या शिकायत के बाद औपचारिक जांच करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई भी जरूरी है।
ये खबर भी पड़े
https://coverstory24.in/breakingnews-latestnews-localnews-ratlam-dm-abkari-wine-sharab-meeting-shivir-bilpank-dhar-collector-excise
