संविधान दिवस आया तो जागा नगर निगम, बाबा साहब की प्रतिमा की याद आई! कार्यक्रम से पहले फायर फाइटर से हुई प्रतिमा और परिसर की धुलाई, पीछे जमा करीब एक ट्रॉली गंदगी हटाई; स्वास्थ्य अधिकारी ओर वार्ड दरोगा की कार्यप्रणाली पर सवाल
रतलाम। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले नगर निगम को क्षत्रिपुल स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा और परिसर की सफाई की याद आ गई। निगम अमले ने फायर फाइटर वाहन से प्रतिमा सहित पूरे परिसर की धुलाई करवाई। वहीं प्रतिमा के पीछे वाले हिस्से में जमा गंदगी को हटाया गया, जहां से करीब एक हाथ ट्रॉली गंदगी निकाली गई।

जिम्मेदारों से अब सवाल यह है कि क्या बाबा साहब की प्रतिमा और परिसर की सफाई केवल संविधान दिवस या किसी विशेष आयोजन के आसपास ही होगी? सालभर इस स्थल की नियमित सफाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? प्रतिमा के पीछे इतनी गंदगी जमा होने तक जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी?

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार और संबंधित वार्ड दरोगा की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। आखिर सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कौन कर रहा है? क्या अधिकारियों को अपने क्षेत्र की स्थिति जानने के लिए किसी विशेष आयोजन का इंतजार रहता है? साथ ही ये सवाल भी खड़ा होता हे कि नगर निगम में सफाईकर्मीयो की लंबी फौज है और रोजाना शहर की सड़कों की सफाई होती हैं लेकिन शहर के मुख्य मार्ग स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के परिसर की सफाई क्यों भी की जाती। अगर रोजाना सफाई होती तो इतनी गंदगी इस परिसर से नहीं निकलती।

बाबा साहब की प्रतिमा और परिसर का सम्मान केवल एक दिन की सफाई से नहीं, बल्कि नियमित रखरखाव से दिखाई देना चाहिए। संविधान दिवस पर होने वाले कार्यक्रम से पहले हुई सफाई ने निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि 26 नवंबर के बाद भी यहां सफाई व्यवस्था बरकरार रहती है या फिर परिसर को दोबारा अपनी बदहाली पर छोड़ दिया जाएगा।
