तीन महीने से ज्यादा बीते, फिर भी नहीं सुधरी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली! कलेक्टर की नाराजगी के बाद भी अवैध शराब का कारोबार जारी?पहली बैठक में पूछा था—“क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” अब बिलपांक शिविर में ग्रामीणों ने खोली आबकारी विभाग की पोल

तीन महीने से ज्यादा बीते, फिर भी नहीं सुधरी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली! कलेक्टर की नाराजगी के बाद भी अवैध शराब का कारोबार जारी?पहली बैठक में पूछा था—“क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” अब बिलपांक शिविर में ग्रामीणों ने खोली आबकारी विभाग की पोल

रतलाम। जिले में अवैध शराब की बिक्री और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया की नाराजगी अब एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आई है। सवाल यह है कि जब कलेक्टर खुद कई बार विभागीय अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं, तब भी जिले में अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री की शिकायतें लगातार क्यों सामने आ रही हैं? क्या आबकारी विभाग के निर्देशों का जमीन पर कोई असर नहीं हो रहा है? इससे ये साबित होता हैं कि आबकारी अधिकारी विकास मंडलोई कलेक्टर के आदेश को गंभीरता से नहीं लेते या उनकी शराब माफियाओं से किसी प्रकार की सांठगांठ है!वरना जिले के मुखिया के आदेश पर कार्यवाही नहीं करना ओर कलेक्टर की बार बार विभाग से नाराजगी कई सवालों को जन्म देती हैं।

मामला केवल बिलपांक में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर तक सीमित नहीं है। इसके पीछे आबकारी विभाग को लेकर हुई पिछली बैठकों का भी पूरा घटनाक्रम है, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों से पूछा था—कार्रवाई आखिर दिखाई कहां देती है?

जिले की कमान संभालने के बाद 24 अगस्त को कलेक्टर अजय कटेसरिया ने समय सीमा की पहली बैठक में भी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया था। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों से सवाल किया था—“क्या किसी ने इन विभागों की कार्रवाई देखी, सुनी या पढ़ी है?” जिसको लेकर बैठक में एक भी अधिकारी ने कोई जवाब नहीं दे पाया था। कलेक्टर का कहना था कि यदि विभाग कार्रवाई कर भी रहे हैं तो वह जनता के बीच दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आबकारी विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई प्रभावी होने के साथ लगातार नजर भी आनी चाहिए। प्रतिदिन सख्त कार्रवाई हो और उसका असर धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने इस तरह की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया था।

टीएल बैठक से नदारद रहे आबकारी अधिकारी, कलेक्टर ने जारी कराया कारण बताओ नोटिस

इसके पहले भी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली के साथ अधिकारियों की बैठक में उपस्थिति भी सवालों के घेरे में रही। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक टीएल एवं अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में आबकारी अधिकारी अनुपस्थित पाए गए थे। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।

अब बिलपांक शिविर में फिर खुली अवैध शराब बिक्री की शिकायतों की परत

शुक्रवार 20 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत बिलपांक में आयोजित शिविर में एक बार फिर आबकारी विभाग की कामचोरी की पोल खुल गई। अवैध शराब को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की । जिस पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिला आबकारी अधिकारी पर नाराजगी जताई ओर निर्देश दिए कि धार जिले की सीमा से रतलाम में अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री की शिकायतों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के माध्यम से जिले में अवैध शराब पहुंच रही है। प्रीतमनगर में भी अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आई हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आबकारी विभाग को कड़ी चेतावनी दी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आबकारी से ज्यादा पुलिस पकड़ रही अवैध शराब

वैसे तो अवैध शराब की रोकथाम का काम आबकारी विभाग का है लेकिन आबकारी विभाग के सुस्त रवैया से जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री हो रही हैं। वही आबकारी विभाग से ज्यादा प्रभावी कार्यवाई पुलिस के द्वारा की जा रही हैं। अवैध शराब को लेकर जितने कार्यवाही आबकारी विभाग ने की उससे ज्यादा तो जिले की पुलिस ने कर दी  है। वही आबकारी अमला सिर्फ महुवा लहान पकड़कर दिखावे की कार्यवाही कर रहा हे। वही कई बार गंभीर शिकायतों को लेकर भी आबकारी अमला निष्क्रिय रहता है कलेक्टर के जहरीली शराब पकड़ने के निर्देश को लेकर भी कोई प्रभावी कार्यवाही अभी तक देखने को नहीं मिली हैं । वही आबकारी विभाग के जिम्मेदार भी कभी अवैध शराब के पाइंट पर काम नहीं करते सिर्फ समय नहीं होने का बहाना बनाते हुए मामले को टाल देते हैं। कई बार आबकरी अधिकारी विकास मंडलोई ओर मनोहर खरे सहित अन्य अधिकारी को भी फोन कर अवैध शराब की सूचना देना चाही तो या तो फोन नहीं उठाया गया या अन्य जगह या दूर  होने का बहाना बनाकर मामले को टाल दिया गया। 

बार-बार निर्देश, नाराजगी और नोटिस... फिर भी नतीजा क्या?

पूरे घटनाक्रम को देखा जाए तो 24 अगस्त 2026 को कलेक्टर ने आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे। टीएल बैठक में अधिकारी की अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए और अब नवंबर में धार से रतलाम आ रही अवैध शराब तथा बिलपांक में बिक्री की शिकायतों पर फिर सख्त नाराजगी सामने आई है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर आबकारी विभाग की कार्रवाई का असर धरातल पर कब दिखाई देगा? क्या सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए कोई ठोस रणनीति बनाई गई है? प्रीतमनगर में सामने आई शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? और सबसे महत्वपूर्ण, कलेक्टर की बार-बार की नाराजगी के बाद भी विभागीय कार्यप्रणाली में अपेक्षित बदलाव क्यों नजर नहीं आ रहा?

अब देखना यह है कि आबकारी विभाग केवल कलेक्टर के निर्देशों तक सीमित रहता है या वास्तव में मैदान में उतरकर अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करता है।