प्रदेश सरकार के शोषण से पेंशनरों में आक्रोश, राजधानी भोपाल में होगा आगामी आंदोलन
रतलाम : प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार पांच लाख पेंशनरों का शोषण कर रही है। पेंशनरों को महंगाई राहत- डीआर समय पर नहीं दिया जा रहा है। अब तक 53 माह का डीआर एरियर नहीं दिया गया है। वार्षिक बजट सत्र में भी पेंशनरों के लिए कोई भी प्रविधान नहीं रखा गया। इससे पेंशनरों में सरकार के प्रति आक्रोश उपज रहा है।
प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन रतलाम की मासिक बैठक को संबोधित करते हुए उप प्रांताध्यक्ष कीर्ति कुमार शर्मा ने कहा कि अनुनय, विनय, ज्ञापन बहुत हो गए। हमें अब राजधानी भोपाल में आंदोलन करना होगा। नरसिंहगढ़ में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
सचिव एमएल नगावत ने कहा कि हमें अपने संघर्ष को और तेज करना पड़ेगा। भले ही हमें सडक़ों पर उतरना पड़े। हमारा पेंशनर संघ मजबूत है व पेंशनर की संख्या हजारों में है। उपाध्यक्ष जयवंत गुप्ते ने बताया कि हमारा बकाया एरियर जो सरकार ने नहीं दिया, उस बाबत संगठन की ओर से उच्च न्यायालय में अपील की जाए। प्रेम बेनावत, रणजीतसिंह राठौर ने आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर नवीन सदस्य महेंद्र प्रतापसिंह राठौर व मेहताबसिंह सोलंकी का स्वागत-सम्मान जितेंद्रसिंह भूरिया ने किया। आभार उपाध्यक्ष हरीश कुमार बिंदल ने माना।
