शक्ति संचय बैठक में जल संरक्षण और ग्राम विकास पर दिया प्रशिक्षण धर्मेंद्र सिंह देवड़ा बोले—शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
रतलाम। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड रतलाम द्वारा ग्राम करमदी में विकासखंड स्तरीय शक्ति संचय बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जल संरक्षण, ग्राम विकास और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह देवड़ा ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष अतिथि नाथूलाल गामड़ ने जन अभियान परिषद को समाज और शासन के बीच सेतु बताया।

जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों एवं कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार आनंद व्यास ने सूखा प्रभावित रतलाम जिले में जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कम सिंचाई वाली फसलों को अपनाने, जल अपव्यय रोकने, सोख्ता गड्ढों के निर्माण, पानी के पुनः उपयोग तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण की जानकारी दी।

मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने युवा संसद सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, मेघा क्षोत्रिय, जितेंद्र पाटीदार एवं नरेंद्र श्रेष्ठ ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के क्षमता विकास और सामाजिक सहभागिता पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रामलाल सोलंकी सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता तथा प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश पाटीदार ने किया तथा आभार पूनम डलवानी ने व्यक्त किया।
