सीएम यादव के नजदीकी प्रदीप उपाध्याय को फिर मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर मिठाई खिलाई

सीएम यादव के नजदीकी प्रदीप उपाध्याय को फिर मिली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर मिठाई खिलाई

रतलाम। आखिरकार भाजपा ने उन तमाम खबरों पर मोहर लगा दी जो यह दावा कर रही थी कि भाजपा के नए जिलाध्यक्ष के रुप में भी जिम्मेदारी प्रदीप उपाध्याय को ही मिलेगी। और इसके साथ ही अब उपाध्याय को फुल टाईम जिलाध्यक्ष की कमान मिली है। ऐसे में आने वाले समय में प्रदीप उपाध्याय को ना सिर्फसंगठन में और सक्रियता लाने के लिए प्रयास करने होंगे बल्कि विभिन्न चुनौतियों को भी साधना होगा। पहली चुनौती जिलाध्यक्ष बनने के बाद अपने टीम की गठन की होगी जिसमें किसको क्या मौका दिया जाए और किस प्रकार सभी नेताओं को साधकर कार्यकारिणी बनाए जाए यह अहम चुनौती होगी।
पिछले दिनों हुई रायशुमारी के बाद से ही भाजपा जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा का इंतजार किया जा रहा था और लगातार यह भी दावा किया जा रहा था कि प्रदीप उपाध्याय को ही संगठन दोबारा मौका देगा तो इन दावों पर मोहर लगते हुए कल भाजपा जिलाध्यक्ष के रुप में प्रदीप उपाध्याय का नाम घोषित हो गया। घोषणा के बाद प्रदीप उपाध्याय पैलेस रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदीप उपाध्याय ने भी बधाई और शुभकामना के प्रति उत्तर में कार्यकर्ताओं की अपेक्षा पर खरा उतरने की बात कही। 

इस दौरान विभिन्न चुनौतिया भी उनके सामने आएगी, लेकिन पहली चुनौती यह रहेगी कि भाजपा की जिला कार्यकारिणी में किसको क्या जिम्मेदारी दे।