Pwd विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश, बल्लीखेड़ा–अंबापाड़ा मार्ग की मरम्मत को लेकर दिया धरना
सैलाना। बल्लीखेड़ा से अंबापाड़ा मार्ग की जर्जर एवं बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया है। वही pwd विभाग के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए धरना दिया। इसके साथ ही जयस आदिवासी परिवार एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा चौकी प्रभारी बेडदा जगदीश तोमर, थाना सरवन के माध्यम से जिला कलेक्टर रतलाम के नाम ज्ञापन सौंपा गया। सड़क की खराब स्थिति से नाराज ग्रामीणजन मार्ग के किनारे लगभग 5 घंटे तक धरने पर बैठे रहे और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार आवेदन, शिकायत एवं ज्ञापन देने के बावजूद आज तक सड़क की मरम्मत अथवा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि बल्लीखेड़ा–अंबापाड़ा मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि मार्ग का तत्काल सर्वेक्षण कर मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य हेतु आवश्यक टेंडर प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर बरसात से पूर्व सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। ज्ञापन सौंपने एवं धरना प्रदर्शन के दौरान जयस युवा नेता चंदू मईडा, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र डिंडोर, प्रकाश मईडा, भारत आदिवासी पार्टी जिला उपाध्यक्ष सुनील निनामा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील भगोरा, वासु कटारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
