रतलाम में जेलप्रहरी-वनरक्षक परीक्षा रद्द होने से परीक्षार्थी नाराज, सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण एग्जाम निरस्त

रतलाम में जेलप्रहरी-वनरक्षक परीक्षा रद्द  होने से परीक्षार्थी नाराज,  सर्वर की तकनीकी  खराबी के कारण एग्जाम निरस्त

रतलाम। रविवार को कर्मचारी चयन मंडल की आयोजित वन रक्षक, जेल प्रहरी परीक्षा  रद्द होने से परिक्षार्थियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सैकड़ों युवा परेशान हुए। रतलाम में दोपहर की पाली में 2:30 से 4:30 बजे तक अयोजित परीक्षा के लिए सृजन इंजीनियरिंग कालेज को केंद्र बनाया गया था।
परीक्षा के लिए सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थी पहुंच गए थे। 12:30 बजे रिपोर्टिंग के बाद एक बजे तक परीक्षा को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद तीन बजे तक सर्वर डाउन होने की जानकारी देकर परीक्षार्थियों  को बैठाए  रखा। इसके बाद स्टाफ के द्वारा सर्वर डाउन होने का कहकर परिक्षा रद्द कर दी गई।

गौरलतब है कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जेल प्रहरी, वन रक्षक की परीक्षा चार जून से करवाई जा रही है जो 19 जून तक चलेगी। रतलाम में रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए रतलाम, सीहोर,  उज्जैन, खरगोन सहित आसपास के जिलें से बड़ी संख्या युवा परीक्षा  देने पहुंचे थे।
परीक्षा रद्द होने से नाराज अभ्यर्थियो ने आक्रोश जताया। अभ्यर्थी हर्ष कुमार, कुलदीप परमार, घनश्याम बैरागी आदि ने बताया कि केंद्र पर स्पष्ट जानकारी देने वाला कोई नहीं है और हम लोग तीन घंटे से परेशान होते रहे। अब जाकर बताया गया कि 20 जून को परीक्षा लेंगे। 20 जून को अन्य प्रतियोगी परीक्षा भी हैं ऐसे में हम दोनों परीक्षा में से एक ही दे पाएंगे। इधर अभ्यर्थियों के आक्रोश के चलते पुलिस भी मौके पर पहुंची।
ईएसबी नियंत्रक को और से जारी बयान में बताया गया कि तकनीकी समस्या के चलते ढाई  बजे की पाली में होने वाली परीक्षा स्थगित हुई है। यह परीक्षा 20 जून को सुबह 10 बजे की पाली में होगी। इसका प्रवेशपत्र अलग से ईएसबी की साइट से डाउनलोड किया जा सकेगा।