अबकारी विभाग की अवैध शराब पर कार्यवाही, बाइक सवार से पकड़ी 75 हजार की शराब, वाहन चेकिंग में पकड़ाया
रतलाम। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब को लेकर कार्यवाही की हैं। गुरुवार रात सघन चेकिंग अभियान चलाकर रतलाम-सैलाना रोड पर बाइक सवार के पास से अंग्रेजी व देशी शराब 55 लीटर पकड़ी। जप्त शराब की कीमत 75 हजार रुपए आंकी गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने गुरुवार रात दिल्ली-मुंबई 8 लेन समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर शराब तस्करी रोकने के लिए वाहन चेकिंग अभियान चलाया। धामनोद टोल टैक्स के पास कुख्यात तस्कर पुष्कर मोंगिया (29) पिता भरतलाल निवासी डेलनपुर को अवैध शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी बाइक से शराब लेकर जा रहा था। इसके कब्जे से 48 नग बीयर केन, 175 देशी मदिरा पाव, कुल 55.5 बल्क लीटर शराब के साथ बिना नंबर की बाइक को जप्त किया। आरोपी शहर की शराब दुकानों से शराब लेकर अवैध रूप से ग्रामीण अंचलों में बेचता था।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत केस दर्ज किया। कार्रवाई में आबकारी सब इंस्पेक्टर वंदना अग्रवाल, पुष्पराज चौहान, मीनाक्षी गुप्ता, अभिषेक वाईकर आदि शामिल रहे।
सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दकी ने बताया अवैध शराब परिवहन को लेकर आकस्मिक जांच लगातार की जा रही है। अनेक वाहनों को रोक तलाशी ली गई। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
