आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही कर एक युवक को पकड़ा, बियर और अंग्रेजी शराब जब्त की

आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही कर एक युवक को पकड़ा, बियर और अंग्रेजी शराब जब्त की

रतलाम। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत 22 जनवरी को वृत्त रतलाम क्षेत्र में प्रभावी कार्यवाही की गई।
 उक्त अभियान के तहत वृत्त प्रभारी अधिकारी पुष्पराज चौहान द्वारा रात्रि गश्त के दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप राजस्व पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां दीप सिंह पिता नेपाल भाटिया के कब्जे से अंग्रेजी एवं देशी मदिरा की बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई। जिसमें एमडी अंग्रेजी मदिरा, पावर बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड ,सिग्नेचर, प्लेन देशी मदिरा कुल 85 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 55,000 रूपये आंकी गई है। उक्त प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पांडेय, उपनिरीक्षक अभिषेक वाईकर, कांस्टेबल विक्टोरिया, नगर सैनिक नरेंद्र भाटी एवं चेतराम टीम में सहयोगी रहे। 
 सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी, भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी रूप से जारी रखा जाएगा।