शराब के नशे में चूर टीटीई का हाईवोल्टेज ड्रामा, ट्रेन में टिकट मांगते-मांगते, सड़क पर मीडियाकर्मियों से आईडी कार्ड मांगने लगा,grp चौकी पर जमकर मचा बवाल

शराब के नशे में चूर टीटीई का हाईवोल्टेज ड्रामा, ट्रेन में टिकट मांगते-मांगते, सड़क पर मीडियाकर्मियों से आईडी कार्ड मांगने लगा,grp चौकी पर जमकर मचा बवाल

रतलाम। ट्रेन में यात्रियों से टिकट जांचने वाला एक रेलवे टीटीई रविवार रात ऐसा नशे में धुत मिला कि वह सड़क पर मीडियाकर्मियों से ही आईडी कार्ड मांगने लगा। डाट की पुल क्षेत्र में कार दुर्घटना के बाद जीआरपी चौकी पहुंचे टीटीई दिनेश संधु और उसके साथियों ने पत्रकारों के साथ अभद्रता करते हुए कवरेज में बाधा डालने का प्रयास किया। मामला बढ़ने पर बड़ी संख्या में पत्रकार जीआरपी चौकी पहुंच गए, जिसके बाद अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और अंततः टीटीई से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। इसके साथ ही grp ने शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाले टीटीई पर 5 हजार का जुर्माना लगाया है।वही अब शराबी टीटीई का रवैया चर्चा विषय बन गया है कि शराब का नशा इतना था कि टीटीई को ये भी समझ नहीं आ रहा था कि वो ट्रेन में हे या सड़क पर। 


ट्रेन में यात्रियों से टिकट मांगने का अधिकार रखने वाला यह टीटीई रविवार रात खुद सवालों के घेरे में था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे में चूर टीटीई दिनेश संधु कार हादसे के बाद जीआरपी चौकी पर हंगामा  करने लगा ओर इस दौरान उसके अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और कवरेज कर रहे घटनाक्रम के दौरान पत्रकारों से ही पहचान पत्र मांगने लगा। चौकी परिसर में मौजूद लोगों का कहना था कि टीटीई की हालत ऐसी थी कि उससे ठीक से खड़ा तक नहीं हुआ जा रहा था।वही उसके साथी भी शराब के नशे में बताए जा रहे थे। 

दरअसल शहर के डाट की पुल क्षेत्र में रविवार रात टीटीई की चार पहिया वाहन ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना जीआरपी पुलिस को दी गई। इसके बाद टीटीई को रेलवे जीआरपी चौकी लाया गया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद टीटीई के साथी भी चौकी पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीटीई के कुछ साथियों ने पत्रकारों से बहस करते हुए कवरेज में बाधा डालने और पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया। चौकी परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
घटना के दौरान जीआरपी पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में रही। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस शराबी टीटीई के प्रति नरम रुख अपनाए रही और उसे राहत देने का प्रयास करती नजर आई। पत्रकारों के साथ अभद्रता की जानकारी मिलते ही प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में जीआरपी चौकी पहुंचे और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया।
हंगामे की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी स्टाफ को फटकार लगाई। इसके बाद अभद्रता करने वाले टीटीई को पत्रकारों के सामने बुलाया गया और उससे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।


मीडिया के इन साथियों ने संभाला मोर्चा
कवरेज के दौरान अभद्रता की शिकायत पत्रकार समीर खान ने सबसे पहले रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश गौस्वामी को दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पत्रकार विजय मीणा, साजिद खान, अजय तिवारी, मोहम्मद हुसैन, नीरज शुक्ला, नवीन टांक, आरिफ कुरैशी, आमीन हुसैन, फिरोज खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार जीआरपी चौकी पहुंचे। वहीं कई अन्य पत्रकार साथियों ने भी फोन के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा और मामले की जानकारी लेते रहे।