फिर सुर्खियों में रतलाम की सर्किल जेल, वायरल VIDEO ने उड़ाई पुलिस और जेल प्रशासन की नींद, बाबर ने खोली 'फ्रैक्चर' वाले दावे की पोल!

फिर सुर्खियों में रतलाम की सर्किल जेल,  वायरल VIDEO ने उड़ाई पुलिस और जेल प्रशासन की नींद, बाबर ने खोली 'फ्रैक्चर' वाले दावे की पोल!

रतलाम। रतलाम सर्किल जेल से सामने आए बदमाश बाबर खान के वायरल वीडियो ने पुलिस और जेल प्रशासन दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जिस आरोपी के बारे में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान पैर फ्रैक्चर होने का दावा किया था, वही आरोपी वीडियो में बेखौफ अंदाज में पैर उठाकर रील बनाता नजर आ रहा है। वीडियो ने पुलिस के दावे की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं जेल के भीतर मोबाइल पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खुल गई है।


रतलाम सर्किल जेल में बंद जानलेवा हमले के आरोपी बाबर खान का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अब पूरे सिस्टम के लिए असहज सवाल बन गया है। वीडियो में आरोपी न केवल पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा है, बल्कि उसी पैर को आसानी से उठाकर दिखा रहा है, जिसके बारे में पुलिस ने दावा किया था कि गिरफ्तारी के दौरान गिरने से उसमें फ्रैक्चर हो गया था। वीडियो में कहीं भी प्लास्टर या गंभीर चोट के कोई संकेत नजर नहीं आते।
इससे पुलिस के उस दावे पर सवाल उठना स्वाभाविक है, जिसमें आरोपी के पैर में फ्रैक्चर होने की बात कही गई थी। दूसरी ओर, जेल के कैदी मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन पहुंचना भी सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक की ओर इशारा करता है।
आरोपी ने वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक और गैंगस्टर स्टाइल कैप्शन के साथ रील बनाकर मानो पूरे सिस्टम को चुनौती देने की कोशिश की है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि वीडियो किसने बनाया, बल्कि यह भी है कि जेल जैसी हाई-सिक्योरिटी जगह में मोबाइल आखिर पहुंचा कैसे और पुलिस का फ्रैक्चर वाला दावा आखिर किस आधार पर किया गया था?
अब इस मामले में पुलिस और जेल प्रशासन दोनों के दावे आमने-सामने हैं। एक तरफ पुलिस फ्रैक्चर की बात कह रही थी, जबकि दूसरी तरफ जेल उपअधीक्षक ब्रजेश मकवाने का कहना है कि मेडिकल परीक्षण में केवल मामूली खरोंच मिली थी। ऐसे में पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्रवाई और जेल की सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं