फूल बेचने वाली महिला को विक्षिप्त ने मारी कैची, हुई मौत

फूल बेचने वाली महिला को विक्षिप्त ने मारी कैची, हुई मौत

महिला पूजन सामग्री विक्रय कर परिवार का करती थी पालन-पोषण

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में शुक्रवार सुबह दिल दहलाने की वारदात हुई है। विक्षिप्त युवक ने कैंची से हमला कर सरेराह महिला की हत्या कर दी। युवक महिला की दुकान से नारियल उठा कर भाग रहा था। महिला उसके पीछे भागी तभी विक्षिप्त ने जेब से कैंची निकाल महिला को मार दी। लहूलुहान हालत में गंभीर महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने विक्षिप्त को हिरासत में लिया है।

शुक्रवार सुबह करीब 11.45 बजे रोजमर्रा की तरह ईदगाह रोड निवासी सीमा पति चंदन सिंह सोलंकी बाजना बस स्टैंड पर हार-फूल सहित पूजन सामग्री विक्रय करने के लिए दुकान पर थी। तभी दुकान पर एक विक्षिप्त पहुंचकर नारियल उठाकर भागने लगा था। सीमा उसे पकड़ने पीछे भागी। सीमा उससे नारियल छीनती उससे पहले ही विक्षिप्त ने जेब से कैंची निकाल हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर सीमा को आसपास के अन्य दुकानदार सहित परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया।
मम्मी पर हमला करने वाला घूमता था क्षेत्र में 
मृतिका सीमा के पुत्र दीपक सोलंकी ने बताया कि जिस युवक ने मम्मी पर हमला किया वह बाजना बस स्टैंड पर ही घूमता था। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह नारियल उठा कर भागा तो मम्मी भी उसके पीछे भागी थी। मृतिका सीमा सोलंकी हार-फूल, नारियल विक्रय कर परिवार का पालन पोषण करती थी। सूचना पर मेडिकल कॉलेज पहुंची मृतिका की बेटी ने मां का शव देख व्याकुल हो उठी। इस दौरान कॉलेज परिसर के पोस्टमार्टम परिसर में बालिका के रुधन से माहौल मातम में तब्दील हो गया।