औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई! हाईवे चेकिंग में अवैध शराब से भरा कंटेनर पकड़ा, राजस्थान पासिंग ट्रक से हो रही थी तस्करी
रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब से भरे कंटेनर को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। औद्योगिक थाना पुलिस ने हाइवे पर चेकिंग के दौरान राजस्थान पासिंग ट्रक क्रमांक RJ 14 GL 7177 को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से कंटेनर के जरिए शराब तस्करी की जानकारी मिली थी। इसके बाद हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की गई तो अंदर अवैध शराब का बड़ा जखीरा मिला।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचाया, जहां देर रात तक कार्रवाई जारी रही। कंटेनर में करीब 400 से ज्यादा शराब की पेटी मिली हैं। इस मामले में चालक से पूछताछ की जा रही है और शराब की खेप चंडीगढ़ से महाराष्ट्र जा रही थी। वही शराब के बारे में और जांच की जा रही है।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
