रतलाम जिले के दंतोडिया में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, मांग पूरी नहीं होने पर करेंगे बूथ स्तर पर भाजपा का बहिष्कार

रतलाम जिले के दंतोडिया में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, मांग पूरी नहीं होने पर करेंगे बूथ स्तर पर भाजपा का बहिष्कार

रतलाम। फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर चालू करने और भावांतर योजना बंद करने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर जिले के दंतोड़िया गांव में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले चुनावों में पोलिंग बूथ स्तर पर भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा। रैली के बाद किसानों ने मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और ज्ञापन सौंपा।

किसानों ने अपनी मांगों को लेकर दंतोड़िया गांव में ट्रैक्टर रैली निकाली। यह रैली पूरे गांव में भ्रमण करते हुए श्री त्रिमूर्ति बालाजी मंदिर प्रांगण पहुंची। यहां किसानों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और भगवान से न्याय की प्रार्थना की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए एक ज्ञापन मंदिर के पुजारी जगदीश पाठक को सौंपा।

इसके बाद किसानों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री और रतलाम कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन गांव के सरपंच ईश्वरलाल खराड़ी, पटवारी गोपाल भूरिया और सचिव बंशीलाल भाभर को दिया। इस दौरान गांव पटेल शांतिलाल पाटीदार, सुरेश पाटीदार, सोहनलाल पाटीदार, आनंदीलाल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

ये मांग हे किसानों की

भावांतर योजना बंद कर फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर हो और तत्काल भुगतान किया जाए।

नीलगाय और जंगली सुअर से सुरक्षा के लिए जाली फेंसिंग योजना पर 75% सब्सिडी तुरंत दी जाए।

किसानों को जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।

बिना कटौती के बिजली सप्लाई दी जाए।

प्याज की नेफेड खरीदी तत्काल बंद हो, क्योंकि किसानों के पास भंडारण की सुविधा है।

फसल नुकसानी का मुआवजा ₹11 हजार प्रति बीघा दिया जाए।

फसल बीमा योजना का वास्तविक भुगतान किसानों को मिले।