एक तरफ राखी- दूसरी तरफ झांकी: आखिर क्यों भाजपा नेता को महिला थानेदार ने कहा आपको बात करने की तमीज नही! भाजपा नेता कटारिया ने लगाया अभद्रता का आरोप!

एक तरफ राखी- दूसरी तरफ झांकी: आखिर क्यों भाजपा नेता को महिला थानेदार ने कहा आपको बात करने की तमीज नही! भाजपा नेता कटारिया ने लगाया अभद्रता का आरोप!

रतलाम। एक तरफ भाजपा सरकार महिला सम्मान की बात करते हुए पूरे प्रदेश में भाई बहनों के पवित्र पर्व रक्षाबंधन को लेकर रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन करती है तो वहीं दूसरी और भाजपा के नेता महिला थानेदार से उलझते नजर आते है। ये वही महिला थानेदार है जिसने एक दिन पहले ही भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कलाई पर राखी बांधी थी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं की रक्षा का वचन भी लिया था। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाने की टीआई गायत्री सोनी ने भी भाजपा जिलाध्यक्ष को राखी बांधी थी। वहीं इसके विपरित नाबालिगों द्वारा गाड़ी चलाने और नियम तोडऩे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री निर्मल कटारिया महिला थानेदार से उलझ गए। भाजपा नेता कटारिया पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए महिला थाना प्रभारी गायत्री सोनी से अभद्र व्यवहार करते नजर आए और नेतागिरी का रोब झाड़ते दिखाई दिए। जब महिला टीआई ने कानून की बात की, तो नेताजी ओर भडक़ गए और आग बबुला होते हुए कई आरोप लगाने लगे। जिसके बाद महिला टीआई ने नेताजी को दो टूक कह दिया आपको बात करने की तमीज नहीं है। 


अब एक तरफ भाजपा रक्षाबंधन महोत्सव का पर्व मना रही है और बहनों का सम्मान कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ नाबालिग की गाड़ी रोकने के विरोध में भाजपा के नेता महिला थानेदार से अभद्रता करते नजर आ रहे है। 


 दरअसल मामला कुछ यू था कि शहर के अलकापुरी क्षेत्र में डेढ़ साल के मासुम बच्चे की नाबालिग कार चालक से सडक़ दुर्घटना में मौत हो जाती है। और इसी दौरान ट्राफिक डीएसपी अनिल सोनी नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई शुरु कर देते है। इसी अभियान के तहत जब पुलिस ने कार्रवाई की, तो भाजपा नेता निर्मल कटारिया भतीजे के चालान पर आपत्ति जताते हुए थाने पहुंचे और महिला थाना प्रभारी से तीखी बहस कर बैठे। इस मामले में निर्मल कटारिया ने भी अपना पक्षा रखा और महिला थानेदार पर पार्टी की छवि धुमिल करने का आरोप लगाया।

नाबालिगों पर कार्रवाई से पहले नेता बनाते है दबाव
शहर सहित पूरे जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जा रहे है, जिसे रोकने के लिए पुलिस के द्वारा समय-समय पर वाहन चैकिंग अभियान चलाया जाता है और नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई की जाती है। वहीं इसके विपरित किसी नेता या कार्यकर्ता के रिश्तेदार की गाड़ी रोक ली जाती है तो थाने का घेराव शुरु कर दिया जाता है। और पुलिस पर रोब झाड़ते हुए कार्रवाही नही करने की मांग की जाती है। वहीं नाबालिगों को समझाने के बजाए नेता पुलिस से अभद्रता करना शुरु कर देते है, जिससे हादसे बढ़ते है। ऐसा ही मामला गत दिनों हुए जहां नाबालिग द्वारा एक कार को चला रहा था जिसकी चपेट में आने से एक मासुम बच्चे की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने नाबालिग वाहन चालको पर कार्रवाई शुरु की तो नेता नगरी थाने पर पहुंच गई और कार्रवाई का विरोध करते हुए अपना रोब झाडऩा शुरु कर दिया