मंदसौर के युवक बड़वानी पासिंग पिकअप में ले जा रहे थे 50 लाख की एमडी, माननखेड़ा पुलिस ने पकड़ लिया -अब ड्रग नेटवर्क की तलाशी को लेकर आरोपियों से जानकारी जुटा रही पुलिस
रतलाम (ivnews) पिकअप वाहन में सवार होकर आधा करोड़ कीमत की अवैध एम डी ड्रग्स लेकर जा रहे तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा. तीनो युवक मंदसौर जिले के निवासी हैं. पुलिस ने युवकों से एम डी जब्त कर उनको गिरफ्तार कर लिया.
जिले मे अवैध मादक पदार्थ तस्करो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के द्वारा सभी थाना प्रभारियो एवं चौकी प्रभारियो को निर्देशित किया गया। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मागर्दशन मे थाना प्रभारी रिंगनोद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी माननखेडा उनि राजेश मालवीय एवं टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध यह बड़ी सफलता प्राप्त की गई।

घटना का विवरण -
रिंगनोद पुलिस को 29 मार्च 2026 को रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बोलेरो पिकअप वाहन रजिस्ट्रेशन नम्बर MP46ZC7839 से तीन व्यक्ति MD ड्रग्स लेकर मंदसौर तरफ से आ रहे है। सूचना पर माननखेड़ा पुलिस चौकी के सामने फोरलेन रोड़ पर घेराबन्दी कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानो का पालन करते हुए प्रभावी कार्यवाही कर बोलेरो पिकअप वाहन में सवार तीन आरोपी सुमित पिता जीवनदास बैरागी उम्र 20 साल निवासी किला रोड मन्दसौर, प्रकाश पिता भेरूलाल गुर्जर उम्र 19 साल निवासी खेडा थाना नाहरगढ जिला मन्दसौर, और रिहान पिता अरबाज खान उम्र 19 साल निवासी अभिनन्दन कालोनी मन्दसौर के कब्जे से 500 ग्राम MD ड्रग्स जप्त कर तीनो आरोपियो को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियो से जप्तशुदा MD ड्रग्स के संबंध मे पुछताछ की जा रही है।
