सर्किल जेल में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का आयोजन

सर्किल जेल में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का आयोजन

रतलाम : अणुव्रत समिति द्वारा अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत सर्किल जेल में आयोजन किया गया। न्यायाधीश नीरज पवैया, जिला विधिक सहायता अधिकारी पूनम तिवारी, जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया व जेलर बृजेश मकवाना अतिथि थे।
समिति अध्यक्ष अंगूरबाला मांडोत, सचिव रत्ना भटेवरा ने बताया कि प्रारंभ में मंगलाचरण रत्ना भटेवरा ने प्रस्तुत किया। रवि जैन एडवोकेट ने बताया कि अणुव्रत एक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य स्वच्छ समाज का निर्माण करना है।

मांडोत कहा कि अणुव्रत आंदोलन मानवीयता में विश्वास रखता है तथा अपने लाभ के लिए दूसरे को नुकसान नहीं पहुंचाता है। न्यायाधीश पवैया ने कहा कि जीवन में ऐसे नियम बनाओ कि जिससे स्वयं तथा दूसरे का भी फायदा हो। अगर आप जेल में सजा काट रहे हैं तो यह आपके कर्मों का फल है और यहां आने के बाद आप सुधर जाते हैं तो यह मानिए कि आपको जेल किसी अच्छे काम के लिए हुई है। इससे आप सुधर गए हो तथा आपका जीवन सुधर गया है। तिवारी ने कहा कि हिंसा शब्दों से भी होती है। अत: हमें किसी भी प्रकार की हिंसा से बचना चाहिए। व्यक्ति को नशे से बचना चाहिए। अगर किसी को नशा करना है तो वह प्रभु भक्ति का नशा करें। भदौरिया ने कहा कि बंदियों को अच्छा आचरण करना चाहिए तथा यहां से जाने के बाद समाज में हिंसा नहीं करना चाहिए। अगर कोई बंदी निरक्षर है तो वह जेल में रहकर साक्षर बनकर अपना जीवन सुधार सकता है। समिति की ओर से जेल को अणुव्रत साहित्य भेंट किया गया। अणुव्रत समिति की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। उपाध्यक्ष गौतम वोरा, सह मंत्री समीक्षा दख, निपुण कोठारी, कल्याणमल भांगू आदि उपस्थित थे। संचालन रवि जैन ने किया। आभार जेलर बृजेश मकवाना ने माना।

अच्छे समाज का निर्माण करने का आह्वान
रतलाम : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का नौवां राष्ट्रीय अधिवेशन जयपुर में हुआ। इसमें रतलाम से जिला संरक्षक सर्वेश कुमार माथुर, जिलाध्यक्ष गोपाल उपाध्याय, जिला सचिव जितेंद्रसिंह चौहान, जिला संगठन मंत्री बीएल मड़ोतिया, सैलाना अध्यक्ष रणजीत परमार ने भाग लिया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. सुधांशु शर्मा, महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरिजी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुरेशचंद सोनी ने राष्ट्र चिंतन पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षकों से निष्ठावान बनकर एक अच्छे समाज का निर्माण करने का आह्वान किया।
--------