पाकिस्तानी झंडे वाले बिस्किट और गुब्बारे जब्त, दुकानदार हिरासत में – आलोट के सप्लायर की तलाश

पाकिस्तानी झंडे वाले बिस्किट और गुब्बारे जब्त, दुकानदार हिरासत में – आलोट के सप्लायर की तलाश

आलोट। मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमावर्ती क्षेत्र के झालावाड़ जिले के उन्हेल कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई जब एक किराना दुकान पर बिक रहे बिस्किट के पैकेट के साथ पाकिस्तानी झंडे वाले गुब्बारे मिले। इन गुब्बारों पर उर्दू में "14 अगस्त जश्ने आजादी लिखा हुआ था। मामला तब सामने आया जब कस्बे की एक बालिका दुकान से बिस्किट लेकर घर पहुंची और पैकेट से निकले गुब्बारे को फुलाया। गुब्बारे पर पाकिस्तान का झंडा और उर्दू लेखन देखकर परिजन भडक़ गए और दुकानदार से शिकायत की।
 इसके बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दुकानदार को घेर लिया। सूचना पर गंगधार व उन्हेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर दुकान से बिस्किट पैकेट व गुब्बारे जब्त किए। किराना व्यापारी प्रहलाद राठौड़ को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
 पूछताछ में प्रहलाद ने बताया कि यह सामान उसने मध्यप्रदेश के आलोट के व्यापारी दिलीप कमरिया से खरीदा था। हालांकि उसका कहना था कि उसे इन गुब्बारों पर लिखे शब्दों और झंडे की जानकारी नहीं थी।
 राजस्थान पुलिस की टीम ने देर शाम आलोट पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ दिलीप कमरिया के घर व उसके काका के लडक़े नरेंद्र पिता राजमल कमरिया की बस स्टैंड स्थित दुकान पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। दुकान पर ताला मिला और परिजनों से देर रात तक पूछताछ होती रही।
 व्यापारी के यहां बिस्किट पैकेट के साथ गुब्बारे अटैच थे, जिन पर पाकिस्तानी झंडा अंकित था। इस पर लोगों ने आक्रोश जताया। दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। गंगधार व उन्हेल पुलिस की टीम जांच के लिए आलोट रवाना हुई है।
-पुरीलाल वर्मा, एसआई, उन्हेल