घर-घर तक पहुंचाना है मोदी सरकार के कामकाज - भाजपा की कामकाजी बैठक में जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा

रतलाम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। धारा 370 हो, राम मंदिर निर्माण करने या पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम हो, सभी कामों से मोदी सरकार ने देश का गौरव बढ़ाया है। मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं और पार्टी इस मौके पर संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से मोदी सरकार के कामकाज घर-घर तक पहुंचाना है।
यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रंगोली परिसर मित्र निवास रोड पर आयोजित जिला स्तरीय कामकाजी बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व में संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम के साथ योग दिवस, डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, जयंती तथा आपातकाल दिवस आदि कार्यक्रम भी दिए गए हैं, जिन्हें सबको सफल बनाना है। एक पेड मां के नाम अभियान के तहत हर मंडल में पौधारोपण होगा और लोकतंत्ररक्षक सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। मन की बात कार्यक्रम को भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उपाध्याय ने इस मौके पर मन की बात कार्यक्रम में 100 प्रतिशत उपलब्धि वाले सात मंडलों का सम्मान भी किया। आजीवन सहयोग निधि का कार्य समय पर पूर्ण होने पर प्रभारी का सम्मान किया गया।
जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने मार्गदर्शन देते हुए मंडल अध्यक्ष से सीधा संवाद किया और भाजपा के कार्यक्रम पंचनिष्ठा के साथ करने पर बल दिया। इसके पूर्व आगामी कार्यक्रमों जिला टोली के प्रभारी प्रदीप चौधरी, अनुज शर्मा, जयवंत कोठारी, सुनील सारस्वत, लाल बहादुर पाटीदार आदि ने विभिन्न आयोजनों की जानकारी दी। इस दौरान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, निमिष व्यास, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा भी मंचासीन रहे। आरंभ में आयुष सांखला ने गीत प्रस्तुत किया। संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया। आभार जिला महामंत्री संगीता चारेल ने माना।