मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, करंट लगने से 2 की मौत, कई घायल
रतलाम। जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ताजिया निकालते समय वह हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे कई लोग करंट की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि 2 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है।

घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सभी गंभीर घायलों को रतलाम रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़, थाना प्रभारी रमेश कोली सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बीति रात पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान निकल रहा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में दर्जनभर से ज्यादा लोग आ गए। इनमें से 3 की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हैं। घायलों में 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि अरबाज के परिजन उसे अस्पताल से कहीं और ले गए। इस कारण प्रशासन ने 2 मौतों की पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने 3 मौतों की पुष्टि की है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास पिता अकरम (16), मोइन शाह पिता इश्क शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद और वहीद शामिल हैं। वहीं इब्राहिम पिता हनीफ को रतलाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर हतनारा गांव में ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बिजली लाइन काफी नीचे थी। ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे के समय मौके पर न पुलिस मौजूद थी और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें करंट लगने के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। आसपास के लोग घायलों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। 3 मृतकों में से 2 के परिजन औपचारिक कागजी प्रक्रिया पूरी किए बिना उन्हें अपने साथ ले गए। उन्हें बता दिया गया था कि उनकी धडक़नें बंद हो चुकी हैं।
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
हतनारा गांव में हुई इस घटना के बाद आज रात निकलने वाले मोहर्रम के जुलूसों पर निगरानी और बढ़ा दी गई है। रतलाम जावरा समेत जिले के विभिन्न कस्बो में मोहर्रम के जुलूस निकलेंगे जिनमें श्रद्घालु ताजियों का दीदार करेंगे।
