32 मुकदमे... फिर भी नहीं थमा सट्टे का खेल! आदतन सटोरिया राकेश खन्नीवाल फिर पुलिस के शिकंजे में 20 मामलों वाला साथी हिम्मत गुर्जर भी गिरफ्तार, 16 हजार रुपये नकद और सट्टा सामग्री जब्त
रतलाम। शहर में अवैध सट्टे के कारोबार पर माणक चौक थाना पुलिस की कार्रवाई में एक बार फिर शहर का चर्चित और आदतन सटोरिया राकेश खन्नीवाल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि राकेश के खिलाफ पहले से 32 आपराधिक केस दर्ज हैं, जिनमें सट्टा एक्ट के अलावा शासकीय कार्य में बाधा और अन्य अपराध भी शामिल हैं। इसके बावजूद वह कथित तौर पर अवैध सट्टे के कारोबार से दूरी नहीं बना सका ओर खुलेआम सट्टा कारोबार संचालित कर रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान राकेश खन्नीवाल पिता रतनलाल राठौर (49) निवासी भाटों का वास, माण्डली एवं हिम्मत पिता कोदर गुर्जर (40) निवासी त्रिपोलिया गेट, वर्तमान पता महेश नगर, रतलाम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹16,200 नकद, सट्टा अंक लिखी पर्चियां और पेन आरोपी राकेश के विरुद्ध 32 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तो हिम्मत गुर्जर के खिलाफ 20 आपराधिक मामले।
अब शहर में यह चर्चा का विषय है कि दर्जनों मामले होने के बाद भी आरोपी राकेश खन्नीवाल से सट्टे का मोह भंग नहीं हो रहा ओर सट्टा लिखते पकड़े जाने से फिर सुर्खियों में है। लगातार कार्रवाई के बावजूद आदतन अपराधियों का दोबारा उसी गतिविधि में लिप्त पाया जाना कई सवाल खड़े करता है।
माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा अवैध सट्टे का नेटवर्क कितना व्यापक था।
