नवागत कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह ने पदभार ग्रहण किया, शहर को जानना पहली प्राथमिकता, जिले में विकास को लेकर करेगी। नवाचार
रतलाम। शासन द्वारा रतलाम जिले के लिए वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी सुश्री मिशा सिंह को कलेक्टर पद पर पदस्थ किया गया है। सुश्री मिशा सिंह इसके पूर्व जबलपुर में अपर कलेक्टर के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुकी हैं। निवर्तमान कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने सुश्री सिंह को जिले का कार्यभार सौंपा एवं पुष्प गुच्छ भेट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात नवागत कलेक्टर ने जिले के अधिकारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया एवं शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों की योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति के लिए गंभीरता से कार्य करें। कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व सुश्री मिशा सिंह ने स्थानीय कालिका माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

भावान्तर योजना के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश
सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से कम कीमत पर यदि किसानों की सोयाबीन की उपज बिकती है तो,किसानों को घाटे से उबारने के लिए अंतर की राशि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों को दी जाएगी । इसके लिए सरकार द्वारा भावान्तर योजना प्रारंभ की गई है ।
जिले में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने।योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए योजना के संबंध में ग्राम पंचायत, नगरीय निकायों कार्यालयों, मण्डी तथा कलेक्टर कार्यालय में आईल पेन्ट से जानकारी प्रदर्शित करवाने । जिले के किसानों को योजना के संबंध में जानकारी देने के लिए 17 अक्टूबर तक किसान चौपाल लगाने एवं भावान्तर योजना मे 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के मध्य शत प्रतिशत किसानों के पंजीयन करवाने के निर्देश कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में भावान्तर योजना की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर सुश्री सिंह ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में व्यापारियों एवं मण्डी प्रबंधकों की बैठक लेकर योजना के बारे में जानकारी देने एवं शासन के निर्देशो से अवगत करवाने हेतु निर्देशित किया। किसानों को मोबाइल एसएमएस के माध्यम से भी जानकारी भेजने के निर्देश दिए।
मीडिया से की चर्चा, जिले को समझना प्राथमिकता, नवाचार के माध्यम से करेगी विकास
नवागत कलेक्टर ने अधिकारियों से बैठक के बाद मिडिया से चर्चा की और जिले के विकास ओर अन्य कार्यों पर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सबसे पहले जिले को जानने और समझने की हैं उसके बाद वे अपने कार्य को आगे बढ़ाएगी और नवाचार पर जोर देंगी। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से शहर ओर जिले की समस्याओ पर भी चर्चा की।
