रतलाम: अपनी एक चीज खो जाने से हुए परेशान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अचानक रुकवा दिया अपना काफिला, जानिए आखिर क्या था मामला... निजी दौरे पर रतलाम आए थे पूर्व सीएम
रतलाम। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को निजी दौरे पर रतलाम आए। सर्किट हाउस पर उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। रतलाम में एक कांग्रेस नेता के घर से निकलने के बाद रास्ते में अचानक पूर्व सीएम ने अपना काफिला रुकवा दिया और परेशान होकर कार की सीट में कुछ ढूंढने लगे। पता चला कि पूर्व सीएम का मोबाइल कहीं खो गया है। कुछ देर बाद मोबाइल मिलने की सूचना पर काफिला वापस रवाना हुआ।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शनिवार सुबह रतलाम पहुंचे। सर्किट हाउस पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां प्रभारी मंत्री कु. विजय शाह और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का भी आमना सामना हुआ। दोनों नेताओं ने आत्मियता से मुलाकात की। रतलाम से रवाना होकर पूर्व सीएम सैलाना में कांग्रेस के पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल हुए।
गुम हुआ मोबाइल
शनिवार को रतलाम आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित के घर भी गए थे। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री जब लौटने लगे तो रास्ते में अचानक उन्होंने अपनी कर रूकवा दी। कार से उतरकर पूर्व सीएम परेशान होकर कार की सीट पर कुछ ढूंढने लगे। पूर्व सीएम की कार रुकते ही पूरा काफिला रुक गया और उनके सुरक्षाकर्मी एवं कांग्रेस नेता दौडक़र उनके पास पहुंचे।
पता चला कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का मोबाइल खो गया है। श्री सिंह बार-बार एक अन्य फोन से अपने गुम हुए फोन पर रिंग करते रहे। इस दौरान सतीश पुरोहित ने अपने घर फोन लगाकर दिग्विजय सिंह का फोन तलाशने को कहा। घर वालों से पता चला कि फोन घर में उसी स्थान पर रखा है, जहां दिग्विजय सिंह आकर बैठे थे। फोन मिलने की सूचना मिलने पर श्री सिंह का काफिला रवाना हुआ।
----------