बोहरा समाज के परिवार में दिल दहला देने वाली घटना, पति ने पत्नी की छाती पर बैठकर धारदार हथियार से काटा गला, आरोपी गिरफ्तार
रतलाम। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र स्थित सोनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। मोबाइल कारोबारी असगर अली ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी रुकैया की बेरहमी से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है। बताया जाता है कि घर के भीतर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद असगर अली ने आपा खो दिया और पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला की चीखें सुनकर उसका बड़ा भाई मुस्तफा और आसपास के लोग घर के अंदर पहुंचे तो उनके सामने रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पत्नी की छाती पर बैठा था और लगातार उसके गले पर वार कर रहा था। जब लोगों ने रोकने की कोशिश की तो वह हथियार लेकर उनकी ओर भी आक्रामक हो गया, जिससे सभी बाहर निकल आए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि वारदात के समय दंपती के दो मासूम बच्चे—सात वर्षीय पुत्री और दो वर्षीय पुत्र—घर में ही मौजूद थे। मां पर हो रहे हमले के दौरान बच्चों की चीख-पुकार भी आरोपी का दिल नहीं पिघला और उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की खबर फैलते ही सोनार बावड़ी क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। बोहरा समाज के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।
