-सरकार की नीतियों एवं निर्णयों के कारण अवसरों का प्रदेश बन चुका है मध्यप्रदेश- मंत्री श्री काश्यप, युवा स्वयं का उद्योग लगाए, सरकार है उनके साथ
रतलाम। राजधानी भोपाल में आयोजित दो दिवसीय स्टार्टअप्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं का आव्हान किया कि वे स्वयं का उद्योग प्रारंभ करने के लिए आगे आएं, हर संभव सहयोग देने के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रसिद्ध वैज्ञानिक स्वर्गीय सर जगदीश चंद्र बसु के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढऩे की सीख दी।
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्दशन में बनी नई नीतियों और लिए गए समसामयिक निर्णयों के कारण मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा हैं और अवसरों का प्रदेश बन चुका हैं। स्टार्टअप के पूरे जीवन चक्र में सरकार उद्यमियों के साथ खड़ी है और उनका सहयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से उद्यमियों को 250 करोड़ रुपयों से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की। उन्होंने स्टार्टअप उद्यमियों की सफलता की कहानियों के संग्रह किताब का भी विमोचन किया। इसके पूर्व रविन्द्र भवन परिसर में उद्यमियों द्वारा किए गए नवाचारों और उनसे संबंधित उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर, अवलोकन किया। इस अवसर पर मंत्री श्री काश्यप भी उनके साथ थे।
मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य काश्यप के साथ मुख्य सचिव अनुराग जैन, उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव, राघवेंद्र सिंह, कमिश्नर दिलीप कुमार तथा अंकित जैन, विनीत राय सहित अन्य सफल उद्यमी उपस्थित रहे।
