दशामाता पूजा के दौरान चेन चुराने वाली महिला गैंग इंदौर की निकली,एक नाबालिग समेत छ: लोग गिरफ्तार, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
रतलाम। पुलिस ने चेन स्नेचिंग करने वाले एक महिला गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। महिलाएं किराए से कार कर रतलाम पहुंची थी।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा एएसपी विवेक कुमार लाल और सीएसपी के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। शनिवार दोपहर को माणकचौक थाने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएसपी ने बताया कि शुक्रवार को दशा माता के त्योहार के दौरान महिलाएं पूजा-पाठ कर रही थीं। इसी दौरान हरदेवलाल की पीपली स्थित मंदिर के पास अज्ञात महिला गिरोह ने फरियादिया सावित्री देवी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। घटना की सूचना पर थाना माणकचौक में धारा 303 (2) क्चहृस् के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल टीम ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गई करीब 30.580 ग्राम वजन की सोने की पुरानी चेन बरामद की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। कार किराए की है। महिलाओं ने वारदात के दौरान चार बार ऑटो भी बदले
यह आरोपी पकड़ाए
1. अलका पति सन्नी (35) – मूल निवासी जलगांव, महाराष्ट्र, हाल मुकाम परदेशीपुरा, इंदौर
2. जयश्री पति अनिल मनोहर सोनाने (30) -मूल निवासी शेगांव, जिला बुलढाणा, महाराष्ट्र, हाल मुकाम परदेशीपुरा, इंदौर
3. सुषमा पति विनायक (27) – मूल निवासी जलगांव, महाराष्ट्र, हाल मुकाम मालवा मिल, परदेशीपुरा, इंदौर
4. पूजा पति एनेश (27) – निवासी परदेशीपुरा, पाटनीपुरा, इंदौर
5. एक बालिका
6. कमल पिता देवीसिंह (42) - निवासी हातोद, जिला इंदौर
-पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में प्रआर राजेश मईडा, आर हेमंत यादव, आर प्रवीण सिंह, आर जीवन विश्वकर्मा, आर महेश मईडा और आर पंकज पंवार की विशेष भूमिका रही। वहीं निरीक्षक पतिराम डावरे, उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, प्रआर सुधीर सिंह राठौर, प्रआर राज सिंह, प्रआर विकास बोरासी सहित माणकचौक थाना, साइबर सेल रतलाम और थाना धामनोद (जिला धार) की टीम ने भी सराहनीय योगदान दिया।
