सैलाना में कल निकलेगी युवा आक्रोश रैली, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह होंगे शामिल

सैलाना में कल निकलेगी युवा आक्रोश रैली, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह होंगे शामिल
रतलाम। सैलाना में कल 28 अगस्त को युवा आदिवासी जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस रैली में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया शामिल होंगे।
सैलाना में निकलने वाली रैली के बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय विधायक हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आगाज़ करने के लिए यह रैली निकाली जा रही है। विधायक गेहलोत ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर मध्यप्रदेश में सभी स्थानों पर सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने के लिए रैली और सभा आयोजित की जा रही है। विधायक गेहलोत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। कही फसले अच्छी है तो कही खाद की किल्लत है। सैलाना बाजना के आदिवासी क्षेत्र में खाद नहीं मिलने से परेशान किसान पड़ोसी राज्य बांसवाड़ा से महंगे भाव में खाद खरीद कर ला रहे हैं।
 सरकार को अपने अपने क्षेत्र में ही शासकीय दर पर खाद उपलब्ध कराना चाहिए। प्रदेश में बिजली की समस्या भी बनी हुई है। रबी की फसल के लिए कम से कम 10 घंटे बिजली होना जरुरी है, जो नहीं मिल पा रही है। बिजली खाद की कमी के चलते रबी की फसल बर्बाद होने की आशंका है। महंगाई भी चरम पर है।इन सभी आमजन के मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर कल 28 अगस्त को विशाल जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली खाकी बाबा हनुमान मंदिर से शुरू होकर घंटाघर चौराहे पर सभा में तब्दील होगी। जहां प्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह एवं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया रैली को संबोधित करेंगे।