रेडक्रास सोसाइटी लगाएगी 51 स्थानों पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर
रतलाम : भारतीय रेडक्रास सोसाइटी के संचालक मंडल की बैठक पुराने रेडक्रास भवन में चेयरमैन प्रीतेश गादिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले के अलग-अलग 51 स्थानों पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण फर्स्ट एड व सीपीआर परीक्षण, रक्तदान, नेत्रदान, देहदान जागरूकता का विशेष आयोजन डाक्टरों की टीम के साथ किया जाएगा। साथ ही बैठक में एंबुलेंस का पुन: संचालन, मेडिकल हेल्पलाइन की शुरुआत, आदर्श वृद्धाश्रम, जिले में खंड स्तर पर जनऔषधि केंद्र स्थापित करने, कार्यालय के नवनिर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई। समिति के वरिष्ठ सदस्य शरद जोशी, वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लुनिया वरिष्ठ सदस्य हेमंत मूणत, राजेश रांका, सुनील पारीख, अशोक जैन लाला ने भी विचार रखे। बैठक मे समिति द्वारा समस्त स्टाफ से चर्चा कर कार्यप्रणाली को सुचारू करने के लिए आदेशित किया गया।
