नेहरु स्टेडियम की हालात पर कांग्रेसी गुस्साए, आंदोलन की चेतावनी दी, रीजनल कॉन्क्लेव के दौरान डाली गई गिटटी मुरम से खराब हुआ है मैदान, सीएम ने पांच करोड़ की घोषणा इस स्टेडियम के लिए की

रतलाम। शहर के जिस स्टेडियम के सुधार के लिए सीएम ने 5 करोड रुपए देने की घोषणा की थी, वहां की हालत काफी खराब है। रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव के लिए यहां पर डाली गिट्टी-मुरम से मैदान खराब हो चुका है। गुरुवार दोपहर को कांग्रेस पार्टी ने मैदान पर पहुंचकर नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया।
मैदान की खराब हालत को देख प्रभारी निगम आयुक्त अनिल भाना से मोबाइल पर चर्चा की। उन्होंने मैदान को सुधारने के लिए किसी प्रकार का कार्य नहीं होने पर आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने जल्द से जल्द इसके सुधार की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
दरअसल 27 जून को सीएम डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में नेहरू स्टेडियम में हुई रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव 2025 के बाद से एक मात्र खेल मैदान की हालत काफी खराब है। जगह-जगह पानी और कीचड़ है। इस कारण पिछले एक माह से खिलाड़ी खेल नहीं पा रहे है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं होता है तो कांग्रेस खेल संगठनों के साथ बड़ा आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा शहर के खिलाड़ी मैदान में खेलने से वंचित हो रहे हैं। आयोजन के एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी खेल मैदान नेहरु स्टेडियम को सुधारा नहीं गया।
शहर के बीचो-बीच इस मुख्य खेल मैदान में न तो खिलाड़ी खेल पा रहे हैं। ना ही वरिष्ठजन वॉकिंग कर पा रहे हैं। शासन व स्थानीय अधिकारियों ने खेल मैदान को ठीक करने की दिशा में अब तक कोई कदम नहीं उठाया है।
कॉन्क्लेव में सीएम स्टेडियम के सुधार के लिए 5 करोड़ की घोषणा भी कर चुके है। इसके बावजूद भी आज तक किसी भी जिम्मेदार ने ध्यान नहीं दिया।
विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस टीम ने मैदान को देखा। उपनेता कमरुद्दीन कछवाय, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, राजीव रावत, मंसूर अली पटौदी, रश्मि सिंह, सलीम बागवान, जगदीश अकोदिया, प्रदीप राठौड़, हेमंत नेका, रशीद अंसारी, इकरार चौधरी आदि मौजूद रहे।