स्पा सेंटर में थाईलैंड की युवतियां करती रहीं काम, जिम्मेदार रहे अनजान! स्पा सेंटर पर पुलिस छापे के बाद कई सवाल खड़े
रतलाम। नामली क्षेत्र के पंचेड़ रोड स्थित तुलसी वाटर पार्क कैंपस में चल रहे स्पा सेंटर पर पुलिस की छापामार कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्पा सेंटर से थाईलैंड की तीन युवतियों के मिलने और संदिग्ध सामग्री बरामद होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर विदेशी नागरिक यहां तक कैसे पहुंचीं और लंबे समय से गतिविधियां संचालित होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं लगी। मामले में देह व्यापार, वीजा नियमों के उल्लंघन और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है।

खुफिया सूचना के बाद बनी विशेष टीम
पुलिस को स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी विवेक कुमार, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल और डीएसपी अनिशा जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के लिए पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर भेजा गया। सूचना सही पाए जाने पर टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी।
तीन थाई युवतियां हिरासत में, एक का वीजा भी मिला समाप्त
कार्रवाई के दौरान थाईलैंड की तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि इनमें से एक का वीजा समाप्त हो चुका था, जबकि अन्य दो अलग-अलग श्रेणी के वीजा पर भारत आई थीं। पुलिस अब उनके दस्तावेजों और यहां मौजूदगी के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय स्तर पर जानकारी नहीं, उठ रहे सवाल
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि विदेशी नागरिकों के यहां रहने और काम करने संबंधी जानकारी संबंधित विभागों तक नहीं पहुंचाई गई थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह पूरा संचालन किसकी जानकारी में चल रहा था और नियमों के पालन की निगरानी किस स्तर पर हो रही थी।
स्पा सेंटर के मैनेजर दिलीप ठाकुर और गुमाश्ता लाइसेंसधारी नरेश चौहान से पूछताछ की जा रही है। वहीं वाटर पार्क संचालक योगेश सिंह डाबी को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस स्पा संचालन से जुड़े दस्तावेजों और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया की भी पड़ताल कर रही है।
मोबाइल, चैट और भुगतान रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस
जांच एजेंसियां अब मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल भुगतान रिकॉर्ड की जांच करेंगी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विदेशी युवतियों को यहां कौन लेकर आया, उनकी नियुक्ति किसने की और स्पा सेंटर से जुड़े लोगों का नेटवर्क कितना बड़ा है।
एजेंटों और नेटवर्क की तलाश
जांच का फोकस उन लोगों तक पहुंचना भी है जिन्होंने विदेशी युवतियों को यहां तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। पुलिस मानव तस्करी, अवैध रोजगार और वीजा नियमों के उल्लंघन सहित कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
एसपी बोले- हर एंगल से होगी जांच
एसपी अमित कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर से मिली तीनों विदेशी युवतियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवतियां यहां किस उद्देश्य से आई थीं और उनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
