आधी रात तक मना टीम इंडिया की पाकिस्तान पर जीत का जश्न

रतलाम/जावरा। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया है। टीम इंडिया की जीत पर रतलाम के सज्जनसिंह स्टेच्यू दो बत्ती चौराहे पर किक्रेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया। युवाओं का यह जश्न आधी रात तक चलता रहा। शहर के अलग क्षेत्रों से युवा बाइक पर सवार होकर हाथों में तिरंगा थामे निकले। भारत माता की जय, इंडिया-इंडिया के नारों के साथ जमकर आतिशबाजी की। टीम इंडिया की जीत के लिए दिनभर से दुआ की जा रही थी। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बडी एलईडी भी लगाई गई। जैसे ही टीम इंडिया जीती युवा टोलियां सडक पर निकल आई।
देखते-देखते ही बडी संख्या में भीड दो बत्ती पर जमा हो गई। हाथों में तिरंगा व केसरिया ध्वज थाम जमकर झूमे और खुशियां मनाई। गली-मोहल्लों में भी लोगों ने आतिशबाजी की। शहर में दीपावली जैसा माहौल बन गया था। दो बत्ती पर जश्न के दौरान जाम भी लग गया। इसी प्रकार जावरा में भी घंटाघर चौराहे पर और चौपाटी क्षेत्र में जश्न मनाया गया। तिरंगा हाथ में लिए युवाओं ने घंटाघर क्षेत्र में आतिशबाजी की और जमकर झूमे नाचे।