कर्तव्य फाउंडेशन आज लाएगा जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी, मिशन मिठास के माध्यम से हर घर में पहुंचेगी त्योहारी मिठास
रतलाम : सामाजिक संस्था कर्तव्य फाउंडेशन द्वारा बीते छह साल से समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मिशन घर की लक्ष्मी 0.6 के तहत 12 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से सैलाना रोड स्थित हीरा पैलेस में जरूरतमंदों को कपड़े वितरित किए जाएंगे। साथ ही मिशन मिठास के माध्यम से 11111 देसी घी के मोतीचूर के लड्डुओं का भी जरूरतमंदों में वितरण कर हर घर त्योहार की मिठास पहुंचाई जाएगी।
फाउंडेशन के जय तलेरा, यश मूणत, तनु बाफना, यश मित्तल ने पत्रकारवार्ता में बताया कि अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद महिला-पुरुषों व बच्चों को नए-पुराने उपयोगी कपड़ों का वितरण किया जाएगा। संस्था के वालिंटियर्स डेढ़ माह पहले लाभार्थियों के घर-घर जाकर टोकन वितरित कर चुके हैं। इस बार करीब छह हजार टोकन का वितरण किया गया है। निर्धारित तिथि पर लाभार्थी अपने टोकन के साथ हीरा पैलेस पहुंचकर अपनी पसंद के कपड़े चुन सकेंगे। दीपोत्सव के शुभ अवसर पर संस्था द्वारा एक और पहल मिशन मिठास प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के घरों में त्योहार की मिठास पहुंचाई जाएगी। संस्था द्वारा इसके अलावा भी अन्य कई सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इनमें शादी-पार्टी आदि में बचे हुए भोजन का जरूरतमंदों में वितरण करना, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवश्यक राशन किट उपलब्ध करवाना, अनाथ बच्चों के साथ उत्सव मनाना, विशेष अवसरों पर पौधारोपण करना आदि शामिल हैं। संस्था के उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया, विधायक चेतन्य काश्यप आदि द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। संस्था में 300 से अधिक युवा जुड़े हैं, जो सेवा कार्यों को अंजाम देते हैं। संस्था द्वारा सभी कार्य अपने स्तर पर किए जाते हैं।
